अधिवक्ता पुत्र हेमंत पटेल हत्याकांड: स्कूल प्रबंधक के बेटे की दूसरी जमानत अर्जी भी खारिज
वाराणसी जिला जज की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नहीं दी राहत, लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या का है आरोप
Jan 28, 2026, 21:38 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी, भदैनी मिरर। बहुचर्चित अधिवक्ता पुत्र हेमंत पटेल हत्याकांड में आरोपित स्कूल प्रबंधक के पुत्र को कोर्ट से एक बार फिर राहत नहीं मिली है। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुशहाल नगर, नटिनियांदाई निवासी स्कूल प्रबंधक के पुत्र राज विजयेंद्र सिंह उर्फ राज विजेंद्र सिंह उर्फ रवि की द्वितीय जमानत अर्जी खारिज कर दी।
अदालत में वादी पक्ष की ओर से वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता अनुज यादव, नरेश यादव, चंद्रबली पटेल और संदीप यादव ने प्रभावी रूप से अपना पक्ष रखा। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि आरोप अत्यंत गंभीर हैं और आरोपी को जमानत देने से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।


क्या है पूरा मामला
प्रकरण के अनुसार सिंधौरा निवासी वादी कैलाश चंद्र वर्मा एडवोकेट ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 22 अप्रैल 2025 को दोपहर लगभग एक बजे आरोपी राज विजयेंद्र सिंह ने अपने मोबाइल से वादी के पुत्र हेमंत पटेल को फोन कर विद्यालय बुलाया। साथ ही हेमंत को लाने के लिए शशांक और किशन नामक दो व्यक्तियों को भेजा गया।

हेमंत पटेल अपने दादा की बाइक से शशांक और किशन के साथ विद्यालय के लिए निकला। दोपहर 2:03 बजे वादी के नाती प्रिंस उर्फ गोलू के मोबाइल पर आशीष पटेल का फोन आया, जिसमें सूचना दी गई कि विद्यालय परिसर में प्रबंधक के कमरे के भीतर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हेमंत पटेल की हत्या कर दी है।

गिरफ्तारी और अधिवक्ताओं का विरोध
घटना के अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस हत्याकांड के बाद वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कई दिनों तक अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी, जिससे मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
बाद में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अधिवक्ताओं का आंदोलन समाप्त हुआ।
अब दूसरी बार भी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद यह साफ हो गया है कि अदालत इस गंभीर हत्याकांड को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और मामले की आगे की सुनवाई जारी है।
