3 दिन तक ATM से चाहें जितना कैश निकालें, नहीं लगेगा एक भी पैसा! SBI के इस अचानक फैसले के पीछे क्या है वजह?
बैंकों की 3-दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर एसबीआई ने 3 दिन के लिए फ्री की एटीएम सेवा; किसी भी बैंक के ATM से लेनदेन पर नहीं लगेगा चार्ज।
नई दिल्ली (भदैनी मिरर): बैंक कर्मचारियों के प्रमुख संगठनों द्वारा 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बीच देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। एसबीआई ने घोषणा की है कि 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ग्राहक किसी भी बैंक के एटीएम (ATM) से जितनी मर्जी उतनी बार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क या ट्रांजैक्शन चार्ज के पैसे निकाल सकते हैं।

बैंक ने स्पष्ट किया है कि यदि ग्राहकों की तय फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट पूरी भी हो जाती है, तब भी इन तीन दिनों के दौरान एटीएम लेनदेन पर कोई चार्ज नहीं वसूला जाएगा।
3 दिन मिलेगा फ्री ATM लेनदेन का लाभ
एसबीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी संदेश में बताया कि बैंक हड़ताल की अवधि (28 से 30 सितंबर) के दौरान देश के किसी भी बैंक के एटीएम से किए गए कैश विदड्रॉल या अन्य एटीएम लेनदेन पूरी तरह से नि:शुल्क रहेंगे।

बैंक प्रशासन का कहना है कि हड़ताल की संभावना को देखते हुए ग्राहकों को नकदी की किल्लत न हो और वे आसानी से अपनी बैंकिंग जरूरतें पूरी कर सकें, इसीलिए यह विशेष छूट दी गई है।
हड़ताल के दौरान शाखाएं खुली रखने का दावा, डिजिटल बैंकिंग चालू
एसबीआई ने दोहराया है कि प्रस्तावित हड़ताल के बावजूद उसकी सभी बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। इसके साथ ही बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए हड़ताल से पहले ही शाखा से जुड़े जरूरी काम निपटा लें और अधिक से अधिक डिजिटल व सेल्फ-सर्विस बैंकिंग चैनलों का उपयोग करें।

हड़ताल के दौरान ग्राहक निम्नलिखित डिजिटल सेवाओं का उपयोग निर्बाध रूप से कर सकेंगे:
-
एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीनें (CDM)
-
योनो (YONO) ऐप और इंटरनेट बैंकिंग
-
व्हाट्सएप बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग
-
UPI, IMPS, NEFT और RTGS डिजिटल ट्रांसफर
रविवार को बैंक खोलने के फैसले पर कर्मचारी यूनियनों की आपत्ति
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक (RBI) ने हड़ताल के असर को कम करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को रविवार, 27 सितंबर को सामान्य कामकाज के लिए खुला रखने का निर्देश दिया है।
हालांकि, बैंक कर्मचारी यूनियनों ने रविवार को कार्य दिवस (Working Day) घोषित करने के फैसले का कड़ा विरोध किया है। NIBW, NIBO, AIGBWO और AIGBO जैसे बैंक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है और कर्मचारियों से रविवार को दफ्तर न आने का आह्वान किया है।
