Tempsens Instruments IPO Listing: 111% बंपर प्रीमियम पर शेयर लिस्ट, एक्सपर्ट्स से जानें अब BUY करें, HOLD रखें या SELL?
₹300 के इश्यू प्राइस के मुकाबले NSE पर ₹634 पर लिस्ट हुआ शेयर; 184 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था आईपीओ
बिजनेस डेस्क: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को Tempsens Instruments के शेयरों ने जबरदस्त एंट्री ली। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का जो भारी रिस्पॉन्स मिला था, उसका असर लिस्टिंग के दिन साफ देखने को मिला। शेयर बाजार में डेब्यू करते ही कंपनी ने निवेशकों का पैसा दोगुने से भी अधिक कर दिया और शेयर 111 प्रतिशत से ज्यादा के बंपर प्रीमियम पर लिस्ट हुआ।


NSE और BSE पर लिस्टिंग का गणित
-
NSE लिस्टिंग: एनएससी पर Tempsens Instruments का शेयर ₹634 प्रति शेयर पर लिस्ट हुआ, जो कि इसके ऊपरी प्राइस बैंड ₹300 के मुकाबले 111.33% का प्रीमियम है।
-
BSE लिस्टिंग: बीएसई पर शेयर ₹631.20 पर लिस्ट हुआ, जो कि 110.40% के प्रीमियम को दर्शाता है।
-
मार्केट कैप: शानदार लिस्टिंग के बाद कंपनी का कुल बाजार पूंजीकरण (Market Cap) बढ़कर ₹5,291.52 करोड़ तक पहुंच गया।
गौरतलब है कि ₹650 करोड़ के इस आईपीओ का प्राइस बैंड ₹285-300 तय किया गया था। 20 से 24 अगस्त तक चले सब्सक्रिप्शन के दौरान इस आईपीओ को निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया और यह कुल 184.07 गुना सब्सक्राइब हुआ था। ग्रे मार्केट में भी इसके 100% से अधिक प्रीमियम पर लिस्ट होने की संभावना जताई जा रही थी।

मार्केट एक्सपर्ट्स की राय: Buy, Sell या Hold?
कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एंड बिजनेस डेवलपमेंट) महेश एम. ओझा के अनुसार:
"Tempsens भारत के इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, लोकलाइजेशन और मैन्युफैक्चरिंग विस्तार का फायदा उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी की मजबूत मार्केट लीडरशिप, हाई-एंट्री बैरियर बिजनेस मॉडल और मजबूत बैलेंस शीट इसे लंबी अवधि के निवेशकों के लिए आकर्षक बनाती है। हालांकि वर्किंग कैपिटल और प्रीमियम वैल्यूएशन पर नजर रखनी होगी, लेकिन जिन आवंटियों (Allottees) का नजरिया मध्यम से लंबी अवधि का है, वे इस शेयर को HOLD (बनाए) रख सकते हैं।"
उन्होंने आगे बताया कि वित्त वर्ष 2024 से 2026 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू CAGR 27.2%, EBITDA CAGR 35.2% और PAT CAGR 28.2% रहा है। कंपनी पर महज 0.2x का कम कर्ज (Debt-to-Equity) है, जो इसकी वित्तीय सेहत को दर्शाता है।


कंपनी का बैकग्राउंड और IPO फंड का इस्तेमाल
उदयपुर स्थित Tempsens Instruments भारत के टेम्परेचर सेंसिंग और स्पेशलाइज्ड केबल इंडस्ट्री में मार्केट लीडर है। ओवरऑल टेम्परेचर सेंसर सेगमेंट में कंपनी की हिस्सेदारी लगभग 10.5% है, जबकि नॉन-कांटैक्ट टेम्परेचर सेंसर सेगमेंट में यह 21.3% मार्केट शेयर के साथ देश की इकलौती निर्माता कंपनी है।
आईपीओ से जुटाए गए ₹650 करोड़ के फंड का इस्तेमाल कंपनी इलेक्ट्रिकल हीटिंग और केबल सॉल्यूशंस के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर (CapEx), कर्ज चुकाने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
