Stock Market Today: सुस्त शुरुआत के बाद रेड जोन में फिसला बाजार, IT शेयरों में बिकवाली
सेंसेक्स–निफ्टी में उतार-चढ़ाव, शुरुआती 15 मिनट में बदला बाजार का रुख
नई दिल्ली। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई, लेकिन शुरुआती मुनाफावसूली के चलते कुछ ही देर में बाजार रेड जोन में चला गया।
कारोबार के पहले 15 मिनट के भीतर ही बीएसई सेंसेक्स करीब 150 अंकों की तेजी के साथ 83,600 के पार पहुंचा, लेकिन जल्द ही फिसलकर 83,500 के नीचे आ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 25,752 पर खुला और 25,759.75 तक गया, फिर गिरकर 25,725 के आसपास कारोबार करने लगा।


IT शेयरों में दबाव, कुछ दिग्गज ग्रीन जोन में
शुरुआती ट्रेडिंग में बीएसई पर IT सेक्टर में बिकवाली देखने को मिली। TCS, Tech Mahindra, HCL Technologies, Infosys और Wipro जैसे शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
वहीं दूसरी ओर Tata Steel, BHEL, ITC और Bajaj Finserv जैसे शेयर ग्रीन जोन में बने रहे।

एक्सपर्ट की राय: IT सेक्टर कमजोर, अन्य क्षेत्रों में मौके
Geojit Investments Limited के मुख्य निवेश रणनीतिकार V. K. Vijayakumar ने बाजार की चाल पर कहा कि तीसरी तिमाही के बेहतर नतीजे और आगे आय बढ़ने के संकेत बाजार के लिए सकारात्मक हैं, लेकिन IT सेक्टर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

उनका मानना है कि बड़े संस्थागत निवेशक तब तक IT शेयरों में बड़ी खरीदारी नहीं करेंगे, जब तक वैल्यूएशन आकर्षक नहीं हो जाते। आने वाले दिनों में निवेशकों का झुकाव बैंकिंग, वित्तीय, ऑटो, टेलीकॉम और फार्मा सेक्टर की ओर बढ़ सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) के रुख में बदलाव के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं और पिछले 13 कारोबारी सत्रों में से 8 दिनों में उन्होंने कैश मार्केट में खरीदारी की है, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
मंगलवार को बाजार में रही तेजी
मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 173.81 अंक चढ़कर 83,450.96 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 42.65 अंक की बढ़त के साथ 25,725.40 पर बंद हुआ।
बीएसई में 2,447 शेयरों में तेजी, 1,756 में गिरावट और 149 शेयर स्थिर रहे। बाजार पूंजीकरण में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
