Share Market Today: शेयर बाजार में 'हाहाकार', 76000 के नीचे फिसला सेंसेक्स; रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर, जानें आज के बड़े ट्रिगर
सोमवार को भी निवेशकों के डूबे थे करोड़ो रुपए
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन 'अमंगल' साबित हो रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने घरेलू निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई।
-
सेंसेक्स (Sensex): बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 326 अंक की गिरावट के साथ 75,688 के स्तर पर खुला।
-
निफ्टी 50 (Nifty 50): एनएसई का बेंचमार्क इंडेक्स 93 अंक टूटकर 23,723 के स्तर पर ओपन हुआ।
-
रुपया (Rupee): डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर 95.50 पर जा पहुंचा है।
क्यों मची है बाजार में खलबली?
बाजार में इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव (Geo-political Tension) है। ईरान-अमेरिका संघर्ष के चलते कच्चे तेल की कीमतों और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसके असर को लेकर निवेशक डरे हुए हैं। हालांकि अमेरिकी बाजारों में हल्की तेजी रही, लेकिन 'गिफ्ट निफ्टी' के संकेतों ने पहले ही बड़े गैप-डाउन ओपनिंग की भविष्यवाणी कर दी थी।


मार्केट एक्सपर्ट्स की राय: कहां है सपोर्ट और रेजिस्टेंस?
1. सेंसेक्स (Sensex Prediction)
कोटक सिक्योरिटीज के विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक सेंसेक्स 76,500 (50-दिन का SMA) के नीचे बना रहेगा, तब तक कमजोरी जारी रह सकती है।
-
सपोर्ट लेवल: 75,500 - 75,300
-
रुकावट (Resistance): 76,400 - 76,500
2. निफ्टी 50 (Nifty Outlook)
एचडीएफसी सिक्योरिटीज का मानना है कि निफ्टी के लिए 23,800 का स्तर एक महत्वपूर्ण सपोर्ट था, जो अब टूटता दिख रहा है।
-
अगला लक्ष्य: गिरावट बढ़ने पर निफ्टी 23,500 या 23,200 तक फिसल सकता है।
-
रिकवरी: 24,000 के पार जाने पर ही 24,200 तक की रिकवरी संभव है।
3. बैंक निफ्टी (Bank Nifty)
एसबीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक, बैंक निफ्टी के लिए 54,000 का स्तर 'करो या मरो' जैसा है। यदि यह स्तर टूटता है, तो इंडेक्स 53,400 तक जा सकता है।

सोमवार का हाल: निवेशकों के डूबे करोड़ों रुपये
बता दें कि बीते सोमवार को भी बाजार में हाहाकार मचा था। सेंसेक्स 1,312 अंक (1.70%) गिरकर 76,015 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 360 अंक फिसल गया था। लगातार चार दिनों की गिरावट ने निवेशकों की संपत्ति में भारी सेंध लगाई है।
आज के अन्य अहम अपडेट्स:
-
तेल और गैस: सरकार ने उत्पादन पर रॉयल्टी घटाई है, जिससे संबंधित शेयरों में हलचल दिख सकती है।
-
ग्लोबल मार्केट: निक्केई और कोस्पी जैसे एशियाई बाजारों में सुधार है, लेकिन भारतीय बाजार पर युद्ध के बादलों का असर अधिक दिख रहा है।
