SBI Bank Strike: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 52 करोड़ ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, अगले हफ्ते 2 दिन बंद रहेंगे बैंक
आउटसोर्सिंग और NPS के विरोध में 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल; डिजिटल लेनदेन और ATM का इस्तेमाल करने की सलाह, लगातार 4 दिन प्रभावित रह सकती हैं सेवाएं।
नई दिल्ली/वाराणसी। यदि आपका बैंक खाता भी देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगले हफ्ते एसबीआई के कामकाज पर बड़ा असर पड़ने वाला है। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 मई और 26 मई को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल (Bank Strike) का एलान किया है। इस हड़ताल का सीधा असर बैंक के करीब 52 करोड़ ग्राहकों पर पड़ेगा। स्थिति को भांपते हुए एसबीआई प्रबंधन ने अपने ग्राहकों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी (Advisory) जारी की है।


एसबीआई ने ग्राहकों के लिए जारी की एडवाइजरी
बैंक कर्मचारियों की इस प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर ग्राहकों को सतर्क किया है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान शाखाओं (Branches) में कामकाज प्रभावित हो सकता है, हालांकि जरूरी बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रखने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।

हड़ताल के दौरान चालू रहेंगी ये सेवाएं:
-
कैश निकासी और जमा के लिए ग्राहक एटीएम (ATM) का उपयोग कर सकते हैं।
-
कस्टमर सर्विस प्वाइंट (CSP) के जरिए भी बुनियादी सेवाएं मिलती रहेंगी।
-
बैंक ने ग्राहकों को योनो (YONO) ऐप, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई (UPI) जैसे डिजिटल चैनलों का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी है।
क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं SBI कर्मचारी? (SBI Strike Reasons)
स्टाफ फेडरेशन के मुताबिक, यह हड़ताल कुछ लंबे समय से लंबित पड़ी मांगों और नीतियों के विरोध में बुलाई गई है:
1. आउटसोर्सिंग का विरोध: संगठन का आरोप है कि बैंक द्वारा बड़े पैमाने पर की जा रही आउटसोर्सिंग से ग्रामीण क्षेत्रों, एससी, एसटी, ओबीसी और पिछड़े वर्ग के युवाओं के लिए स्थायी रोजगार के मौके कम हो रहे हैं। 2. सुरक्षा गार्ड्स की कमी: फेडरेशन ने कहा कि प्रमोशन और रिटायरमेंट के बाद शाखाओं पर सशस्त्र (बंदूकधारी) गार्ड्स की भारी कमी हो गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था खतरे में है। 3. एनपीएस (NPS) फंड मैनेजर विवाद: कर्मचारियों की शिकायत है कि सरकार की अनुमति के बावजूद एसबीआई कर्मी अपने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) अकाउंट के फंड मैनेजर को बदल नहीं पा रहे हैं, जिससे उन्हें अन्य बैंकों के मुकाबले वित्तीय नुकसान हो रहा है।

लगातार 4 दिन प्रभावित रह सकती हैं बैंकिंग सेवाएं!
इस हड़ताल के ठीक बाद कई राज्यों में त्योहारों (जैसे बकरीद आदि) के चलते 27 मई और 28 मई को बैंकों में सरकारी अवकाश (Bank Holidays) रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में इन दो दिनों के दौरान बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में यदि 25 और 26 मई को हड़ताल होती है, तो कई शहरों में लगातार चार दिनों तक बैंकों में ताला लटका रह सकता है।
