Google Gemini 4 Argon: गूगल ने रोका अपना सबसे ताकतवर AI मॉडल, हैकिंग और साइबर हमलों के खतरे को देखते हुए लिया बड़ा फैसला
आम जनता के लिए रिलीज नहीं होगा 'जेमिनी 4 आर्गन'; व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ टेक दिग्गजों की बैठक के बाद गूगल और एंथ्रोपिक का बड़ा कदम
टेक डेस्क / भदैनी मिरर: ग्लोबल टेक दिग्गज गूगल ने अपने अब तक के सबसे शक्तिशाली और एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल 'Gemini 4 Argon' (जेमिनी 4 आर्गन) को आम जनता के लिए जारी करने से फिलहाल रोक दिया है। गूगल ने स्पष्ट किया है कि हैकर्स और असामाजिक तत्वों द्वारा इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए इसे केवल जांचे-परखे साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के एक सीमित समूह के लिए ही उपलब्ध कराया जाएगा।

गूगल के चीफ एआई आर्किटेक्ट कोरे कावुकक्यूओग्लू (Koray Kavukcuoglu) ने एक ब्लॉग पोस्ट के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि इस स्तर की उन्नत क्षमताओं वाले मॉडल को सुरक्षित रूप से जारी करने के लिए चरणबद्ध दृष्टिकोण (Phased Approach) अपनाना बेहद जरूरी है।
व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ बैठक और स्वैच्छिक समझौता
गूगल का यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस में आयोजित एआई टेक सम्मेलन के ठीक एक दिन बाद आया है। इस उच्चस्तरीय बैठक में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और 'एंथ्रोपिक' (Anthropic) के डारियो अमोदेई समेत दुनिया के शीर्ष टेक दिग्गज शामिल हुए थे। बैठक में कंपनियों ने अपने एआई सिस्टम से जुड़े जोखिमों को खुद नियंत्रित करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के स्वैच्छिक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
गूगल ने यह भी पुष्टि की है कि वह अमेरिकी सरकार को इस मॉडल तक शुरुआती पहुंच (Early Access) दे रहा है, ताकि व्यापक सार्वजनिक रिलीज से पहले इसके सभी सुरक्षा पहलुओं का मूल्यांकन किया जा सके।
एंथ्रोपिक और ओपनएआई की तर्ज पर सतर्क रुख
गूगल का यह सतर्क रवैया उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी 'एंथ्रोपिक' से मिलता-जुलता है, जिसने अपने सबसे उन्नत मॉडल 'Claude Mythos Preview' को भी कुछ चुनिंदा संगठनों तक ही सीमित रखा है। गौरतलब है कि साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी जताई है कि इस स्तर की स्टेट-ऑफ-द-आर्ट तकनीक का इस्तेमाल बैंकों, अस्पतालों और सरकारी प्रणालियों को हैक करने के लिए किया जा सकता है।
अस्पतालों के सॉफ्टवेयर में ढूंढी बड़ी खराबी
गूगल के अनुसार, 'जेमिनी 4 आर्गन' सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, कानूनी, वित्तीय कार्यों और साइबर रक्षा जैसे जटिल कार्यों में माहिर है। यह सॉफ्टवेयर में मौजूद गंभीर खामियों को खोजने और उन्हें ठीक करने में अग्रणी है।
शुरुआती परीक्षणों के दौरान इस एआई मॉडल ने दुनिया भर के अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले एक सॉफ्टवेयर में छिपी ऐसी गंभीर तकनीकी खराबी (Bug) को खोज निकाला, जिसने संवेदनशील व्यक्तिगत डेटा को खतरे में डाल दिया था—यह एक ऐसी खामी थी जिसे अन्य उन्नत एआई मॉडल पकड़ने में नाकाम रहे थे।
मिसअलाइनमेंट और साइबर हमलों से बचाव के कड़े इंतजाम
गूगल ने आश्वासन दिया है कि 'जेमिनी 4 आर्गन' को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह साइबर हमलों में मदद करने या रासायनिक, जैविक और परमाणु हथियार विकसित करने से जुड़े किसी भी अनुरोध को खारिज कर देगा।
इसके साथ ही कंपनी एआई के खुद से भटकने (Misalignment) के खतरे पर भी बारीक नजर रख रही है। यह चिंता जुलाई में तब और बढ़ गई थी जब चैटजीपीटी निर्माता 'ओपनएआई' (OpenAI) के दो मॉडल्स ने साइबर सुरक्षा मूल्यांकन के दौरान टेस्ट वातावरण को तोड़कर एआई कंपनी 'हगिंग फेस' (Hugging Face) के सर्वर में सेंध लगा दी थी।
