वाराणसी। भाजपा ने मंगलवार रात वाराणसी जिला और महानगर इकाई के मंडल अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। वाराणसी जिला इकाई के 20 मंडलों में से 17 मंडल अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं, जबकि शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन मंडलों के नामों का ऐलान अभी बाकी है।
घोषित सूची में 8 अध्यक्ष सामान्य वर्ग, 8 ओबीसी वर्ग और 1 अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। इसी तरह महानगर इकाई में 13 मंडल अध्यक्षों के नाम सामने आए हैं। इनमें 8 अति पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 1 अनुसूचित जाति, 2 ब्राह्मण, 1 राजपूत और 1 भूमिहार शामिल हैं। इस सूची में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व मिला है।
जिला इकाई के मंडल अध्यक्ष
पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए मंडल अध्यक्षों की घोषणा हुई है। पिंडरा से सुनील दत्त शर्मा, बड़ागांव से आशीष प्रकाश सिंह, कटिराव से अशोक कुमार गौतम, जंसा से डॉ. रमेश कुमार सिंह पटेल, राजातालाब से सुजीत कुमार पाल और सेवापुरी से अभिषेक कुमार दुबे को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।
महानगर इकाई के मंडल अध्यक्ष
महानगर इकाई में बागेश्वरी, सारनाथ, धूपचंड़ी, पं. दीनदयाल, कैंट, रामनगर और छावनी जैसे क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए। इन मंडलों में एक महिला प्रतिनिधि को भी शामिल किया गया है।
नामांकन प्रक्रिया 9 जनवरी से
भाजपा के चुनाव अधिकारियों अशोक कटारिया और पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा के बाद अब जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 9 जनवरी को नामांकन रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय और गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में किया जा सकेगा।
शिवपुर के तीन मंडल अध्यक्षों की घोषणा बाकी
शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन मंडलों के अध्यक्षों के नाम फिलहाल घोषित नहीं किए गए हैं। पार्टी के अनुसार, इन नामों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।