Movie prime
PMC_Hospital

जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल: 3 आरोपी गिरफ्तार, राहुल गांधी ने मांगी POCSO में कार्रवाई

मड़वा गांव में हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही 10वीं की छात्रा; पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर की बड़ी कार्रवाई, RJD और BJP आमने-सामने

Ad

 
aa
WhatsApp Group Join Now

Ad

जमुई / भदैनी मिरर:

बिहार के जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित मड़वा गांव से एक बेहद शर्मनाक और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे बाइक से जा रहे 10वीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र-छात्राओं को रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी, मारपीट और छात्रा के साथ कथित तौर पर सरेआम छेड़खानी की गई।

Ad

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हरकत में आई जमुई पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही नाबालिग छात्रा

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 6-7 लोगों की भीड़ ने बाइक सवार नाबालिग युवक और युवती को घेर रखा है। डर के मारे युवती हाथ जोड़कर रोते-बिलखते हुए लोगों से जाने देने की गुहार लगा रही है। वह कहती सुनाई दे रही है, "हम बच्चे हैं, हमें जाने दीजिए... अब कभी इधर नहीं आएंगे।" इसके बावजूद आरोपी उसके साथ अभद्र व्यवहार करते रहे।

Ad

पुलिस का त्वरित एक्शन: 3 आरोपी गिरफ्तार

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि शुरुआत में घटना को लेकर कोई औपचारिक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। हालांकि, वीडियो वायरल होते ही पुलिस टीम ने पीड़िता की पहचान की और उसका आधिकारिक बयान दर्ज किया।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मड़वा गांव में छापेमारी कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान मिथिलेश, प्रमोद और गोलू (उम्र 24 से 26 वर्ष) के रूप में हुई है। एसपी ने कहा कि वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी।

Ad

राहुल गांधी ने उठाए सवाल, POCSO के तहत मांगी कड़ी कार्रवाई

इस घटना पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे "बेहद व्यथित करने वाला" करार दिया। उन्होंने कहा कि 10वीं के छात्रों को रोककर उनका उत्पीड़न किया गया।

राहुल गांधी ने मांग की कि वीडियो में दिख रहे हर एक दोषी की पहचान कर उनके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने बिहार सरकार से सवाल किया कि शाम 7 बजे सार्वजनिक सड़क पर एक नाबालिग लड़की की सुरक्षा को लेकर ऐसी स्थिति क्यों बनी।

घटना पर बिहार में सियासत गर्म

मामला सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं:

  • आरजेडी (RJD): पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने नीतीश सरकार को घेरते हुए कहा कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और गिरते पुलिस इकबाल का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

  • भाजपा (BJP): बीजेपी प्रवक्ता ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि राज्य में सुशासन कायम है। कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है।