पटना ADM रवींद्र दिवाकर और निबंधक पत्नी स्वाती के बैंक खाते होंगे सील
पटना और बेगूसराय में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: 80 लाख कैश, 50 लाख के जेवर, 4 दर्जन ब्रांडेड घड़ियां और पटना-बेगूसराय में जमीनों के दस्तावेज बरामद।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अब तक का बड़ा एक्शन लिया है। पटना में पदस्थापित एडीएम (आपूर्ति) रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की अवर निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कुमारी स्वाती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद शिकंजा कसता जा रहा है। निगरानी की टीम अब दोनों अधिकारियों के आधा दर्जन से अधिक बैंक खातों को सील करने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

मंगलवार को आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दंपती द्वारा अवैध कमाई से खरीदी गई अचल संपत्तियों के दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है और संबंधित निबंधन कार्यालयों से अन्य संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
पटना से बेगूसराय तक रेड: 80 लाख कैश और 50 लाख के जेवर बरामद
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीमों ने सोमवार को पटना के रूपसपुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट और बेगूसराय के पोखरिया मोहल्ला स्थित पैतृक आवास पर एक साथ छापेमारी की थी। जांच के दौरान बरामदगी ने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए:

-
नकद (Cash): पटना स्थित किराए के मकान से 70 लाख रुपये से अधिक और बेगूसराय आवास से 9 लाख रुपये नकद (कुल लगभग 80 लाख रुपये कैश) बरामद हुए।
-
आभूषण व ब्रांडेड घड़ियां: 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और करीब 4 दर्जन महंगी ब्रांडेड घड़ियां मिली हैं।
-
निवेश के दस्तावेज: शेयर बाजार, फिक्स डिपॉजिट व अन्य वित्तीय साधनों में भारी निवेश के कागजात जब्त किए गए हैं।
पटना के कश्यप ग्रीन सिटी में 2 लग्जरी फ्लैट और बेनामी जमीनें
निगरानी के अनुसार, बेली रोड स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के ब्लॉक-ए के चौथे तल्ले पर पति-पत्नी के नाम दो प्रीमियम फ्लैट (401 और 402) हैं, जिन्हें आपस में जोड़कर भव्य साज-सज्जा कराई जा रही थी। इसके अलावा जांच में करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की जमीनों के दस्तावेज मिले हैं:

-
पटना (फुलवारीशरीफ): 2021 में दंपती के नाम पर खरीदी गई 7.8 डिसमिल जमीन और पिता के नाम पर खरीदी गई 3.9 डिसमिल जमीन।
-
बेगूसराय: बलिया में 20 डिसमिल और बेगूसराय शहर में 3.9 डिसमिल की कीमती जमीन।
अघोषित संपत्तियों का सत्यापन जारी
बिहार प्रशासनिक सेवा (BiPrSe) के अधिकारी रवींद्र कुमार दिवाकर वर्तमान में पटना में एडीएम (आपूर्ति) के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी कुमारी स्वाती दानापुर अवर निबंधन कार्यालय में निबंधक पद पर कार्यरत हैं। दोनों अधिकारियों पर पद का दुरुपयोग कर अकूत काली कमाई करने और कई बेनामी संपत्तियां अर्जित करने का आरोप है। निगरानी की टीम जब्त दस्तावेजों के सत्यापन में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में कई अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना है।
