'राम अमीरों के, शिव गरीबों के भगवान...': तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी के बयान पर भड़की बिहार BJP; गिरिराज सिंह
रेवंत रेड्डी के बयान से राजनीतिक घमासान; गिरिराज सिंह बोले- 'मुस्लिम तुष्टिकरण और हिंदुओं को बांटना कांग्रेस की नीति', शाहनवाज हुसैन ने चेताया।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क: तेलंगाना के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी द्वारा भगवान राम और भगवान शिव को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद देश की राजनीति में सियासी भूचाल आ गया है। श्रीराम को 'अमीरों का' और शिवजी को 'गरीबों का भगवान' बताने पर बिहार भाजपा के दिग्गज नेताओं ने तीखा हमला बोला है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन और बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए चेतावनी दी है कि जनता इस अपमान का कड़ा जवाब देगी।

क्या था रेवंत रेड्डी का विवादित बयान?
दिल्ली में आयोजित एक मीडिया सम्मेलन के दौरान जब रेवंत रेड्डी से पूछा गया कि उत्तर भारत में कांग्रेस कमजोर क्यों है, तो उन्होंने कहा, "हम शिवजी के भक्त हैं और भाजपा वाले भगवान राम के। भाजपा ने भगवान राम को पेटेंट/चोरी कर लिया है। भाजपा वाले 'जय श्रीराम' तो बोलते हैं लेकिन 'हर-हर महादेव' नहीं कहते। शिवजी गरीब लोगों के भगवान हैं, जबकि रामजी अमीरों के भगवान हैं और भाजपा भी एक अमीर पार्टी है।"

गिरिराज सिंह का पलटवार: "सनातन का ज्ञान नहीं तो चुप रहें"
रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुसलमानों को खुश करना (तुष्टिकरण) और हिंदुओं को आपस में बांटना ही कांग्रेस की एकमात्र नीति बन चुकी है।
गिरिराज सिंह ने कहा, "रेवंत रेड्डी को सनातन धर्म का इतिहास ही नहीं पता। उन्हें मालूम होना चाहिए कि रामेश्वरम में शिवलिंग की स्थापना खुद प्रभु श्रीराम ने की थी। भगवान शंकर श्रीराम को भजते हैं और श्रीराम भगवान शंकर की पूजा करते हैं। जिन्हें ज्ञान न हो, उन्हें बोलना नहीं चाहिए। रेवंत रेड्डी को मोक्ष के लिए पहले ही काशी विश्वनाथ में जगह रिजर्व करा लेनी चाहिए।"

"आग लगाने से बाज आएं, जनता सिखाएगी सबक"
-
रामकृपाल यादव (कृषि मंत्री, बिहार): उन्होंने कहा कि ईश्वर एक हैं और किसी भी नेता को ऐसे भड़काऊ बयान देकर समाज में मतभेद पैदा नहीं करना चाहिए। कांग्रेस नेता समाज में आग लगाने का काम कर रहे हैं, जिससे उन्हें बाज आना चाहिए।
-
शाहनवाज हुसैन (राष्ट्रीय प्रवक्ता, BJP): उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा सनातन धर्म और देवताओं पर आए दिन विवादित बयान दिए जा रहे हैं। रेवंत रेड्डी का यह बयान समाज को बांटने वाला है और सनातन प्रेमियों को आहत करने वाला है। इसका खामियाजा कांग्रेस को आने वाले चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
