
बिहार चुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका, पीतांबर पासवान की बहू प्रीति राज BJP में शामिल




पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दलों में आना-जाना शुरू हो गया है और इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को एक और बड़ा झटका लगा है। RJD के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद स्वर्गीय पीतांबर पासवान की पुत्रवधू प्रीति राज सोनी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता
पार्टी की सदस्यता उन्हें पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दिलाई। इस दौरान प्रीति राज को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
डॉ. जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद स्व. पीतांबर पासवान जी की पुत्रवधू श्रीमती प्रीति राज सोनी जी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्र और जनता के विकास के लिए समर्पित रही है। हमें विश्वास है कि प्रीति जी भी पार्टी के सिद्धांतों के साथ कदम से कदम मिलाकर बिहार और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।”


प्रीति राज को मिल सकती है अहम भूमिका
बिहार में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं और ऐसे में बीजेपी नए चेहरों को सामने लाकर संगठन को और मज़बूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी प्रीति राज को कोई महत्वपूर्ण भूमिका सौंपती है या नहीं।

राजनीतिक पाले बदलने की तेज़ होती रफ्तार
बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राजनीतिक उठापटक भी तेज हो गई है। न केवल नए लोग दलों से जुड़ रहे हैं, बल्कि कई पुराने नेता भी अपनी पार्टियां छोड़कर नए राजनीतिक मंच तलाश रहे हैं।
हाल ही में RJD के वरिष्ठ नेता रहे वृषिण पटेल ने जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी से इस्तीफा दिया था। वे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जीतनराम मांझी की पार्टियों का भी हिस्सा रह चुके हैं।

