सासाराम स्टेशन पर ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
सुबह-सुबह धू-धू कर जली ट्रेन की जनरल बोगी; जान बचाने के लिए सामान छोड़ भागे यात्री, रेलवे ने दी सफाई
सासाराम: बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन से सोमवार की सुबह एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ प्लेटफॉर्म पर खड़ी भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी (डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर) एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। बोगी से आग की लपटें और काला धुआं उठता देख स्टेशन परिसर और ट्रेन के भीतर यात्रियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री आनन-फानन में ट्रेन से नीचे कूदने लगे।


शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल विभाग ने पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार की अहले सुबह ट्रेन सासाराम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक बोगी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कोच का एक बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती तौर पर दुर्घटना की वजह शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा ज्वलनशील पदार्थ ले जाना हो सकती है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।

यात्रियों में दहशत, सामान छोड़कर भागे लोग
जिस समय बोगी से धुआं उठना शुरू हुआ, उस वक्त बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन में सवार हो रहे थे। आग की खबर फैलते ही बोगियों के भीतर अफरा-तफरी मच गई। दहशत का आलम यह था कि कई यात्री अपना कीमती सामान और बैग ट्रेन के भीतर ही छोड़कर जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

अगलगी की घटना पर रेलवे ने दी आधिकारिक सफाई
इस पूरी घटना पर पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।
उन्होंने बताया:
-
गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन सासाराम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर स्थिर अवस्था में खड़ी थी।
-
जिस समय बोगी से धुआं निकलने की सूचना मिली, उस समय कोच के अंदर कोई भी यात्री मौजूद नहीं था।
-
रेलकर्मियों की तत्परता और फायर ब्रिगेड के सहयोग से सुबह करीब 6:05 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था।
-
इस हादसे में किसी भी यात्री या रेलकर्मी को कोई नुकसान या चोट नहीं पहुंची है।
जांच के आदेश: रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया है और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेनों में नियमित सुरक्षा जांच और पुख्ता इंतजामों की मांग उठाई है।
