Movie prime
PMC_Hospital

"नीतीश कुमार धरती पर हैं तो ईश्वर हैं, जाने के बाद भगवान हो जाएंगे..." जेडीयू मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के विवादित और अनोखे बोल

बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान; कहा- ग्रामीण इलाकों में महिलाएं और बेटियां करती हैं नीतीश कुमार की पूजा, महिलाओं के उत्थान को बताया बड़ी वजह।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, पटना: बिहार की राजनीति में बयानों के तीर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इसी कड़ी में सम्राट चौधरी कैबिनेट में जेडीयू कोटे से योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। मंत्री ने नीतीश कुमार की तुलना ईश्वर से करते हुए कहा कि वे आज धरती पर हैं तो ईश्वर के समान हैं और इस दुनिया में नहीं रहने पर भगवान हो जाएंगे।

Ad

गांवों की महिलाएं और छात्राएं करती हैं पूजा: भगवान सिंह

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग नीतीश कुमार को ईश्वर से कम नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि गांव की गरीब महिलाएं, छात्राएं और सिपाही की नौकरी पाने वाली करीब 32 हजार महिलाएं उनके घरों में नीतीश कुमार की पूजा करती हैं। मंत्री ने तर्क दिया कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिसके चलते आज जनता के दिल में उनके प्रति अगाध श्रद्धा है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई उनके परिवार के बीच जाकर यह कह दे कि नीतीश कुमार महिला विरोधी हैं, तो वहां की महिलाएं उसे मारने के लिए दौड़ पड़ेंगी।

पहले भी विवादों में रहे हैं मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा

भोजपुर के जगदीशपुर से जेडीयू विधायक भगवान सिंह कुशवाहा अपने बयानों और राजनीतिक सफर को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। वे अपने राजनीतिक जीवन में आरजेडी, एलजेपी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी समेत कई दलों में रह चुके हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने नीतीश कुमार पर धोखा देने का आरोप लगाया था, हालांकि बाद में उनकी जेडीयू में वापसी हो गई थी।

इसके अलावा, अपने बयानों के चलते वे पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं। कुछ समय पूर्व उन्होंने एक समुदाय विशेष (यादव समाज) पर विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर भारी सियासी बवाल मचा था। वहीं, हाल ही में हत्याओं से जुड़े एक सवाल पर उनके तमतमाने और "हत्या तो होती ही है" वाले बयान की भी काफी आलोचना हुई थी। बहरहाल, नीतीश कुमार को लेकर दिया गया उनका यह नया बयान एक बार फिर सियासी गलियारों में बहस का केंद्र बन गया है।