Amit Shah ने बिहार में फूंका चुनावी बिगुल, लालू यादव पर किया तीखा प्रहार, बोले- केवल परिवार को...




Amit Shah Bihar Visit : गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार से बिहार चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। दो दिवसीय बिहार दौरे के तहत, उन्होंने गोपालगंज में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली में एनडीए के अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में, शाह ने बिहार में मां सीता का भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।

राजद और कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने राजद और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने बिहार के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा,
"लालू यादव जब केंद्र सरकार में मंत्री थे, तब उन्होंने बिहार के लिए क्या किया? इसका हिसाब देना चाहिए। न लालू यादव, न सोनिया गांधी, न ही मनमोहन सिंह ने बिहार को तरक्की की राह पर ले जाने का काम किया।"

'मेरे जिगर के टुकड़ों से' की शुरुआत
अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत भावनात्मक अंदाज में करते हुए कहा, "मेरे जिगर के टुकड़ों जैसे युवा मित्रों को राम-राम और प्रणाम।"उन्होंने कहा कि गोपालगंज की धरती हमेशा देश को दिशा देने का काम करती आई है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव और उनकी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने का प्रयास किया था। लेकिन अब बिहार में मां सीता का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

'बिहार को करना होगा सही चुनाव'
गृहमंत्री ने बिहार की जनता से अपील की कि वे तय करें कि उन्हें लालू-राबड़ी के जंगलराज की राह पर चलना है या फिर मोदी-नीतीश के विकास पथ पर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में कई विकास कार्य किए हैं, जो कांग्रेस कभी नहीं कर पाई।
'लालू यादव ने सिर्फ अपने परिवार को सेट किया'
अमित शाह ने राजद प्रमुख लालू यादव पर करारा प्रहार करते हुए कहा, "लालू जी ने सिर्फ अपने परिवार को सेट किया, लेकिन बिहार के युवाओं का भविष्य नहीं संवारा।" उन्होंने बताया कि—लालू यादव के दोनों बेटे मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में हैं। एक बेटी राज्यसभा सांसद हैं, दूसरी को लोकसभा चुनाव लड़ाया गया। पत्नी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
शाह ने आरोप लगाया कि राजद सरकार के दौरान अपहरण, फिरौती और दंगे आम बात हो गए थे। उन्होंने चारा घोटाले पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गौ माता का चारा भी लालू यादव खा गए।
बिहार के विकास कार्यों को गिनाया
अमित शाह ने कहा कि अगर जनता एनडीए सरकार को एक बार फिर मौका देती है, तो बिहार को बाढ़ मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने बिहार के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों का भी उल्लेख किया, जैसे मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया, मखाना को GI टैग दिलाया गया। बिहार की लोकगायिका शारदा सिन्हा को पद्म भूषण दिया गया।1.17 करोड़ बहनों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।
बिहार में चुनावी माहौल गर्माया
अमित शाह की इस रैली के बाद बिहार की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनडीए जहां इस रैली को चुनावी बढ़त के रूप में देख रहा है, वहीं विपक्षी दलों ने अमित शाह के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में क्या नतीजे होंगे, यह जनता के फैसले पर निर्भर करेगा।

