परिवारवाद पर हमलावर रहनेवाले बिहार के सीएम नीतिश कुमार के बेटे निशांत की राजनीति में होगी एंट्री ?
समय-समय पर आती रहीं ऐसी खबरें, लेकिन इस बार सम्भाना ज्यादा
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि जल्द ही वह सक्रिय राजनीति में आ रहे हैं, दिलीप जायसवाल ने किया स्वागत
पटना। परिवारवाद का आरोप खासकर लालू प्रसाद के परिवार पर आरोप लगाकर सुर्खियों में रहनेवाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री होने जा रही है। राज्यसभा के रास्ते उनकी एंट्री हो सकती है। हालांकि खुद मुख्यमंत्री या परिवार के किसी सदस्य ने इस पर खुलकर कोई बयान नही दिया है लेकिन उनके मंत्री ने इस बात पर मुहर लगा दी है।


निशांत कुमार के कभी विधानसभा तो कभी विधान परिषद् के रास्ते राजनीति में आने की खबरें चलती रहीं, लेकिन ऐसा नही हो सका। लेकिन अब राज्यसभा के रास्ते एंट्री की खबर में दम दिखाई दे रहा है। हालांकि पहले की तरह ही जनता दल यूनाईटेड के मंत्रियों ने ही यह जानकारी दी है। कहा जा रहा है कि इस बार नीतीश कुमार ने सहमति दी है। निशांत कुमार को जदयू अध्यक्ष बनाने की भी चर्चा है। नीतीश कुमार ने अब तक इसपर खुद कुछ नहीं कहा है। जदयू के दिग्गज नेता दावा कर रहे हैं कि निशांत कुमार जल्द ही पार्टी में एक्टिव हो जाएंगे। इसी के साथ ही सोशल मीडिया पर चर्चा है कि निशांत कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी चल रही है। सीएम नीतीश के करीबी और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि जल्द ही वह सक्रिय राजनीति में आ रहे हैं। इसकी पूरी संभावना बन गई है। बिहार के नौजवान और जदयू नेता चाहते हैं कि निशांत सक्रिय राजनीति में आयें। उनके जदयू में आगमन की जल्द ही घोषणा होगी।

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी कहा कि मैं नई पीढ़ी का राजनीति में स्वागत करता हूं। यह बेहद खुशी की बात है कि निशांत कुमार अब मुख्यमंत्री और उनके परिवार के समर्थन के साथ राजनीति में प्रवेश करेंगे। वह एक शिक्षित और जमीन से जुड़े युवा नेता हैं। हर घटना अपने समय पर होती है और शायद अब सही समय आ गया है। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जद यू और सीएम नीतीश कुमार की विचारधारा पर चलने वालों के लिए होली का एक बड़ा तोहफा है। बिहार के लिए काफी अच्छा रहेगा। वह सीएम नीतीश कुमार की फोटो कॉपी है। उनको राजनीति में लाने के लिए बिहार चुनाव के पहले से ही लोगों की मांग थी।

