Bihar Assembly Elections 2025: BJP की पहली सूची जारी, 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित- मैथिली ठाकुर को नहीं मिला टिकट
भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी कर दी है। सम्राट चौधरी, श्रेयसी सिंह और रामकृपाल यादव जैसे दिग्गजों को फिर मौका मिला, जबकि चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर को टिकट नहीं मिला।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी पारा अब चरम पर है। मंगलवार देर शाम भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी। इस सूची में कुल 71 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें 9 महिलाएं भी हैं।
सूची में बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, विजय कुमार सिन्हा, श्रेयसी सिंह और मंगल पांडेय जैसे दिग्गज नेताओं को टिकट दिया गया है।



मैथिली ठाकुर को नहीं मिला टिकट
बीते कुछ हफ्तों से चर्चाओं में रहीं प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर को भाजपा ने टिकट नहीं दिया है। कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें बेनीपट्टी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है, लेकिन पार्टी ने वहां से अपने वरिष्ठ नेता और मौजूदा विधायक विनोद नारायण झा पर दोबारा भरोसा जताया है।

तावड़े के ट्वीट से तेज हुई थीं अटकलें
हाल ही में भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने मैथिली ठाकुर से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। उन्होंने लिखा था — “बिहार की बिटिया मैथिली ठाकुर बदलते बिहार की रफ्तार देखकर फिर से अपने राज्य लौटना चाहती हैं।”
इस ट्वीट के बाद से यह अटकलें तेज हो गई थीं कि मैथिली को पार्टी टिकट दे सकती है। लेकिन अब घोषित सूची ने उन कयासों पर पूर्ण विराम लगा दिया है।

68 वर्षीय विनोद नारायण झा पर दोबारा भरोसा
बेनीपट्टी सीट से भाजपा ने एक बार फिर विनोद नारायण झा को मैदान में उतारा है। 68 वर्षीय झा 1977 के जेपी आंदोलन से राजनीति में सक्रिय हैं। वे दो बार विधायक और एक बार विधान पार्षद रह चुके हैं। पार्टी ने उनके अनुभव और क्षेत्रीय पकड़ को देखते हुए टिकट काटने का जोखिम नहीं उठाया।
कौन हैं मैथिली ठाकुर
मधुबनी जिले की बेनीपट्टी की रहने वाली 25 वर्षीय मैथिली ठाकुर ने 11 साल की उम्र में ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स’ से पहचान बनाई थी। आज वे मैथिली, भोजपुरी और हिंदी भजनों के साथ-साथ लोकगीतों के लिए देश-विदेश में मशहूर हैं।
2024 लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने उन्हें ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया था। इसी वजह से उनके राजनीति में उतरने की संभावना को काफी गंभीरता से देखा जा रहा था।
चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर 2025 को होगा।
- नामांकन की अंतिम तारीख: 17 अक्टूबर
- नामांकन पत्रों की जांच: 18 अक्टूबर
- *नाम वापसी की अंतिम तिथि: 20 अक्टूबर
| बेतिया | रेणु देवी |
| रक्सौल | प्रमोद कुमार सिन्हा |
| पिपरा | श्यामबाबू प्रसाद यादव |
| मधुबन | राणा रणधीर सिंह |
| मोतिहारी | प्रमोद कुमार |
| ढाका | पवन जायसवाल |
| रीगा | बैद्यनाथ प्रसाद |
| बथनाहा | अनिल कुमार राम |
| परिहार | गायत्री देवी |
| सीतामढ़ी | सुनील कुमार पिंटू |
| बेनीपट्टी | विनोद नारायण झा |
| खजौली | अरुण शंकर प्रसाद |
| बिस्फी | हरिभूषण ठाकुर बचौल |
| राजनगर | सुजीत पासवान |
| झंझारपुर | नीतीश मिश्रा |
| छातापुर | नीरज कुमार सिंह बबलू |
| नरपतगंज | देवंती यादव |
| फारबिसगंज | विद्यासागर केसरी |
| सिकटी | विजय कुमार मंडल |
| किशनगंज | स्वीटी सिंह |
| बनमनखी | कृष्ण कुमार ऋषि |
| पूर्णिया | विजय कुमार खेमका |
| कटिहार | तारकिशोर प्रसाद |
| प्राणपुर | निशा सिंह |
| कोढ़ा | कविता देवी |
| सहरसा | आलोक रंजन झा |
| गौरा बौराम | सुजीत कुमार सिंह |
| दरभंगा | संजय सरावगी |
| केवटी | मुरारी मोहन झा |
| जाले | जीवेश मिश्रा |
| औराई | रमा निषाद |
| कुढ़नी | केदार प्रसाद गुप्ता |
| बरुराज | अरुण कुमार सिंह |
| साहेबगंज | राजू कुमार सिंह |
| बैकुंठपुर | मिथिलेश तिवारी |
| सीवान | मंगल पांडेय |
| दरौंदा | कर्णजीत सिंह |
| गोरेयाकोठी | देवेश कांत सिंह |
| तरैया | जनक सिंह |
| अमनौर | कृष्ण कुमार मंटू |
| हाजीपुर | अवधेश सिंह |
| लालगंज | संजय कुमार सिंह |
| पातेपुर | लखेंद्र कुमार रौशन |
| मोहिउद्दीननगर | राजेश कुमार सिंह |
| बछवाड़ा | सुरेंद्र मेहता |
| तेघड़ा | रजनीश कुमार |
| बेगूसराय | कुंदन कुमार |
| भागलपुर | रोहित पांडेय |
| बांका | राम नारायण मंडल |
| कटोरिया | पूरण लाल टुडू |
| तारापुर | सम्राट चौधरी |
| मुंगेर | कुमार प्रणय |
| लखीसराय | विजय कुमार सिन्हा |
| बिहारशरीफ | सुनील कुमार |
| दीघा | संजीव चौरसिया |
| बांकीपुर | नितिन नवीन |
| कुम्हरार | संजय गुप्ता |
| पटना साहिब | रत्नेश कुशवाहा |
| दानापुर | रामकृपाल यादव |
| बिक्रम | सिद्धार्थ सौरव |
| बड़हरा | राघवेंद्र प्रताप सिंह |
| आरा | संजय सिंह टाइगर |
| तरारी | विशाल प्रशांत |
| अरवल | मनोज शर्मा |
| औरंगाबाद | त्रिविक्रम सिंह |
| गुरुआ | उपेंद्र दांगी |
| गया शहर | प्रेम कुमार |
| वजीरगंज | बीरेंद्र सिंह |
| हिसुआ | अनिल सिंह |
| वारसलीगंज | अरुणा देवी |
| जमुई | श्रेयसी सिंह |


