बिहार: स्कूल जा रही 14 साल की छात्रा को जबरन कार में उठाया, बक्से में बंद कर छिपाया
सारण के मशरक में राहगीर की मुस्तैदी और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से बची मासूम; निर्माणाधीन मकान से छात्रा बरामद, दो गिरफ्तार।
भदैनी मिरर डेस्क: बिहार के सारण (छपरा) जिले के मशरक थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह स्कूल जा रही 14 वर्षीय मासूम छात्रा को चार पहिया वाहन में सवार दो बदमाशों ने जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक निर्माणाधीन मकान में ले जाकर लोहे के एक बड़े बक्से में बंद कर छिपा दिया।

हालांकि, एक जागरूक राहगीर की मुस्तैदी और बिहार पुलिस की डायल 112 (ERSS) गश्ती टीम की त्वरित कार्रवाई से मासूम को सही सलामत बचा लिया गया।
राहगीर ने दी सूचना, हरकत में आई डायल 112
जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय छात्रा सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में मशरक थाना क्षेत्र में ही कार सवार दो युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में घसीट लिया और तेजी से भाग निकले। इस घटना को वहां से गुजर रहे एक स्थानीय युवक ने देख लिया। उसने बिना देरी किए तुरंत छात्रा के परिजनों को फोन कर कार और घटना की पूरी जानकारी दी।

खबर मिलते ही परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा को सूचित किया। सूचना मिलते ही गश्ती दल एक्टिव हुआ और पूरे इलाके में संदिग्ध वाहनों की सघन नाकेबंदी व तलाश शुरू कर दी।
कृष्णा होटल के पास मिली संदिग्ध कार, दो गिरफ्तार
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि संदिग्ध चार पहिया वाहन मशरक रेलवे ढाला के पूरब स्थित 'कृष्णा होटल' के पास खड़ा है। 112 की टीम परिजनों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और होटल परिसर से घेराबंदी करके दोनों आरोपी युवकों को दबोच लिया।

निर्माणाधीन मकान के बक्से से सुरक्षित बरामद हुई छात्रा
हिरासत में लेकर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपियों ने छात्रा को छिपाने का ठिकाना उगला। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस पास ही स्थित एक निर्माणाधीन मकान में पहुंची। मकान की तलाशी के दौरान कमरे में रखे एक बड़े बक्से के भीतर से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मासूम को सुरक्षित देखते ही परिजनों की आंखों से आंसू निकल पड़े और पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। बच्ची को बक्से में बंद कर रखने की बात सामने आने से पूरे इलाके में हड़कंप और सनसनी फैल गई।
दादा की तहरीर पर केस दर्ज, साजिश की जांच जारी
मशरक थाना पुलिस ने छात्रा के दादा के बयान/तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों गिरफ्तार युवकों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि अपहरण के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी—क्या यह मामला फिरौती, रंजिश या किसी आपराधिक नीयत से जुड़ा है? इसके अलावा घटना में किसी अन्य सहयोगी के शामिल होने के एंगल पर भी जांच की जा रही है।
