{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: काशी में अनोखे अंदाज में मना राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन, हाथ में संविधान लिए 'भगवान परशुराम' के रूप में दिखे कांग्रेस नेता

मां गंगा की गोद में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया दुग्धाभिषेक; युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह बोले- "जैसे बाबा परशुराम ने अधर्मियों का नाश किया, वैसे ही राहुल जी सत्ता के अत्याचारियों के खिलाफ लड़ रहे हैं।"

 

वाराणसी डेस्क, भदैनी मिरर: कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन आज वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बेहद अनोखे और भव्य अंदाज में मनाया गया। इस खास मौके पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ मां गंगा के बीचो-बीच जाकर उनका दुग्धाभिषेक किया, बल्कि उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना भी की। पूरे आयोजन के दौरान एक अनोखी तस्वीर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी रही, जिसमें राहुल गांधी को भगवान परशुराम के स्वरूप में हाथ में भारत का संविधान लिए दिखाया गया था।

मां गंगा के बीच वैदिक मंत्रोच्चार से दुग्धाभिषेक

राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता नावों के जरिए मां गंगा की गोद में पहुंचे। वहां मौजूद ब्राह्मणों और पुरोहितों ने पूरी निष्ठा के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण किया, जिसके उपरांत राहुल गांधी के नाम से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया और उन्हें आशीर्वाद दिया गया।

मामले की जानकारी देते हुए युवा कांग्रेस वाराणसी के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा, "आज हमारे नेता राहुल गांधी जी का 56वां जन्मदिन है। इस शुभ अवसर पर हम सब ने बाबा भोलेनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा से यह कामना की है कि वे दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें और इसी प्रकार आम जनमानस की आवाज बनकर देश का नेतृत्व करते रहें।"

भगवान परशुराम के स्वरूप में राहुल गांधी की तस्वीर पर दी सफाई

कार्यक्रम के दौरान हाथ में संविधान थामे भगवान परशुराम के रूप में राहुल गांधी की तस्वीर लहराने को लेकर जब सवाल पूछा गया, तो विकास सिंह ने इसके पीछे का गहरा भाव स्पष्ट किया। उन्होंने कहा:

"यह हमारे नेता के प्रति हमारा गहरा भाव और आदर है। जिस प्रकार बाबा परशुराम जी ने इस धरती को राक्षसों, अधर्मियों और अत्याचारियों से मुक्त कराया था; ठीक उसी प्रकार राहुल गांधी जी आज सत्ता में बैठे उन अधर्मियों, दुराचारियों और लोकतंत्र विरोधियों के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं। वह आज देश के आम जनमानस की निडर आवाज बन चुके हैं।"

विवाद और आपत्ति की आशंका पर बेबाक जवाब

जब कांग्रेस जिला अध्यक्ष से पूछा गया कि इस तरह की तस्वीर पर राजनीतिक या सामाजिक रूप से लोग आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं, तो उन्होंने बेहद बेबाकी से जवाब दिया। विकास सिंह ने कहा, "यह हमारा देश एक लोकतांत्रिक देश है। यहां हर नागरिक को अपनी बात, अपने भाव और अपने प्रेम को अभिव्यक्त करने का पूरा अधिकार है। हमारा अपने नेता के प्रति जो प्रेम और भाव था, वह हमने इस स्वरूप के माध्यम से प्रदर्शित किया है।"

कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से राहुल गांधी को इतनी असीम शक्ति मिले कि वह आगामी चुनाव में देश के प्रधानमंत्री बनकर देश को एक नई दिशा दे सकें।