{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में राहुल गांधी का पुतला दहन: BJYM कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर नारेबाजी

एआई समिट को लेकर बयानबाजी पर विरोध; एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान की मौजूदगी में कैंट पुलिस रही तैनात

 

वाराणसी,भदैनी मिरर।  जिला मुख्यालय पर शनिवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा Bharatiya Janata Yuva Morcha (BJYM) के कार्यकर्ता बाइक से पुतला लाकर जिला मुख्यालय पर उसका दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मौके पर एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान सहित कैंट थाने की पुलिस मौजूद रही। 

रजत जायसवाल का बयान

महानगर वाराणसी के युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान राहुल गांधी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया कृत्य “अशोभनीय और निंदनीय” है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। जायसवाल ने कहा कि यदि किसी को विरोध दर्ज कराना है तो उसके लिए अन्य लोकतांत्रिक मंच उपलब्ध हैं, लेकिन राष्ट्रीय गौरव से जुड़े कार्यक्रमों में इस प्रकार का व्यवहार उचित नहीं है।

उन्होंने अमेरिका द्वारा टैरिफ दर घटाकर 10% किए जाने का उल्लेख करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व की उपलब्धि बताया।


राष्ट्रपति को सम्बोधित सौंपा ज्ञापन

BJYM कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कथित आपत्तिजनक गतिविधियों की जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाएं देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को प्रभावित कर सकती हैं और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।

ज्ञापन पर अवनीश श्रीवास्तव, एड. शशांक शेखर त्रिपाठी, अमन सोनकर, अमित पांडेय और आशुतोष पाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर बताए गए हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। कैंट पुलिस ने पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।