{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: पीएम मोदी को अपशब्द कहने पर भड़के भाजपाई, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का फूंका पुतला, FIR के लिए कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

काशी में बीजेपी नेता अनूप जायसवाल का अजय राय पर तीखा हमला— 'यह AI जनरेटेड नहीं, कांग्रेस की बेहयाई जनरेटेड वीडियो है'; देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग।

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक कथित वीडियो को लेकर धर्मनगरी काशी में सियासी घमासान छिड़ गया है। महोबा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी दिवंगत मां और महोबा के पुलिस अधीक्षक (SP) शशांक सिंह के खिलाफ अभद्र भाषा और मां की गाली का प्रयोग करने के आरोप में वाराणसी के भाजपाइयों ने मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को भारतीय जनता पार्टी, काशी क्षेत्र (पिछड़ा वर्ग मोर्चा) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अजय राय का प्रतीक पुतला और पोस्टर फूंककर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अजय राय के खिलाफ राष्ट्रद्रोह और धार्मिक-सामाजिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर एक शिकायती ज्ञापन सौंपा।

'यह AI नहीं, कांग्रेस की बेहयाई जनरेटेड वीडियो है'

पुतला दहन के दौरान मीडिया से बातचीत में बीजेपी नेता अनूप जायसवाल ने कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर तीखा प्रहार किया। अजय राय द्वारा वीडियो को 'एआई जनरेटेड' (कृत्रिम मेधा द्वारा निर्मित) बताए जाने के दावे पर पलटवार करते हुए अनूप जायसवाल ने कहा, "जब ये लोग रंगे हाथों पकड़े जाते हैं, तो एआई का बहाना बनाते हैं। यह कोई एआई (AI) जनरेटेड वीडियो नहीं है, बल्कि यह तो कांग्रेस की 'बेहयाई जनरेटेड' वीडियो है। इसमें कांग्रेस पार्टी की निकृष्ट सोच साफ झलकती है।"

उन्होंने आगे कहा, "यह वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने अजय राय के बीमार होने पर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की थी और सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ खुद उन्हें अस्पताल में देखने गए थे। लेकिन राजनीति में मर्यादा भूलकर एक ऐसे प्रधानमंत्री की मां को गाली दी गई जो राजनीति में कभी थीं ही नहीं। यह घोर निंदनीय है।"

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/ikM30qBTXmE?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/ikM30qBTXmE/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" title="YouTube video player" width="560">

2014 से लगातार गाली-गलौज की राजनीति का आरोप

अनूप जायसवाल ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि साल 2014 से ही कांग्रेस कभी 'मौत का सौदागर', कभी 'नीच आदमी' तो कभी 'चायवाला' कहकर प्रधानमंत्री का अपमान करती आ रही है। हाल ही में राहुल गांधी ने भी देश के प्रधानमंत्री को 'गद्दार' कहा, जबकि वे खुद रात के अंधेरे में चीनी दूतावास जाकर एमओयू साइन करते हैं, जिसका सच आज तक देश को नहीं पता।

कमिश्नर ने दिया जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन

भाजपा नेताओं का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री को सार्वजनिक रूप से गाली देना और संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों के परिवार को अपमानित करना सीधे तौर पर राष्ट्रद्रोह के दायरे में आता है। इससे वाराणसी समेत पूरे देश के राष्ट्रवादी नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस पूरे मामले पर वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ने भाजपा शिष्टमंडल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि इस कथित वीडियो और मामले की त्वरित जांच कराई जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।