{"vars":{"id": "125128:4947"}}

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत बिगड़ी, सीने में दर्द के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती

पार्टी कार्यक्रम के दौरान अजय राय को हुई बेचैनी और घबराहट

 

लखनऊ/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कार्यक्रम के दौरान हुई बेचैनी और दर्द

जानकारी के मुताबिक, अजय राय शुक्रवार को कांग्रेस के एक निर्धारित कार्यक्रम में मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान वे सामान्य नजर आ रहे थे, लेकिन अचानक उन्हें असहजता महसूस होने लगी. उन्हें सीने में दर्द, घबराहट और तेज बेचैनी की शिकायत हुई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया.

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अजय राय को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है. उनके प्राथमिक उपचार और जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम को लगाया गया है. फिलहाल उनकी प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच की जा रही है और उनकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है. हालांकि, अभी तक अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.

कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर

अजय राय के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों का मेदांता अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. फिलहाल सभी को डॉक्टरों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है.