तीर धनुष पर चढ़ चुका है परिणाम आना बाकी: वाराणसी पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह का महिला आरक्षण पर बयान
कथा को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने वालों का ही होगा नुकसान; रामचरितमानस के अखंड पाठ में हुए शामिल
रोहनिया/वाराणसी (भदैनी मिरर)।पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के रोहनिया स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। रोहनिया आगमन पर डॉ. आलोक शर्मा ने बड़ी माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सागरपुर स्थित स्व. महेंद्र चंदेल के आवास पर गए, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। यहां से उनका काफिला भदोही के लिए रवाना हुआ।
भदोही से लौटने के बाद शाम करीब सात बजे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह रामचरितमानस के अखंड पाठ में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. आलोक शर्मा, उनके पिता एवं भाजपा नेता अनंत देव शर्मा तथा परिवार के सदस्यों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
रामकथा, आचरण और जातीय अपमान पर बयान
कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि विभिन्न प्रदेशों में आयोजित होने वाली धार्मिक कथाओं में उनका आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने कहा कि रामकथा, भागवत कथा, राष्ट्र कथा, राम मंदिर और रामसेतु के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों का ही नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि केवल कथा सुनने से लाभ नहीं मिलता, बल्कि भगवान राम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारना जरूरी है। भगवान राम ने कमजोर और वंचित वर्गों को साथ जोड़कर मर्यादा और समाज को खड़ा किया। आज जातीय संगठन बनने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन किसी भी जाति या वर्ग को गाली देना या नीचा दिखाना उचित नहीं है, चाहे संगठन किसी भी नाम से बने।
महिला आरक्षण पर बोले - तीर धनुष पर चढ़ चुका है
महिला आरक्षण के विषय पर पूर्व सांसद ने कहा कि अब यह मुद्दा तीर की तरह धनुष पर चढ़ चुका है और इसका परिणाम सामने आएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने का समय आ गया है और हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। उनके अनुसार, महिला आरक्षण का विरोध करने वालों के लिए यह आगे चलकर राजनीतिक रूप से मुश्किलें पैदा करेगा और यह विधेयक पारित होकर रहेगा। वहीं, नए गठबंधनों को लेकर उन्होंने इसे बेमेल करार दिया।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पंकज सिंह ने रखी बात
कार्यक्रम में पंकज सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि आगामी चुनाव में जनता को राजनीतिक परिस्थितियों और उम्मीदवार चयन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को बार-बार बदलने के बजाय जनता के बीच उनकी पहचान, निरंतरता और काम को महत्व मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वे हिंदुत्व और सनातन धर्म की विचारधारा के साथ जनता के बीच अपनी बात रखते हैं। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।