संजय सिंह का वाराणसी में PM मोदी पर हमला: बोले- 'मोदी जी देश के नहीं, अडानी के प्रधानमंत्री हैं'
कोनिया स्कूल मामले पर दी चेतावनी, पिछले दिनों प्रदेश प्रवक्ता पर दर्ज हुआ था केस
वाराणसी (भदैनी मिरर)। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वाराणसी में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे जुबानी हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश के संसाधनों को दरकिनार कर केवल उद्योगपति गौतम अडानी को आर्थिक लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
'जहां गए पीएम, वहां अडानी को मिले ठेके'
सांसद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी संसद के भीतर उन आंकड़ों की सूची सामने रखी थी, जिनसे साफ होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन-जिन देशों का दौरा किया, वहां गौतम अडानी के समूह को बड़े-बड़े ठेके हासिल हुए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार देश की 140 करोड़ जनता की जगह केवल एक उद्योगपति के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
43 निजी कंपनियों के कर्ज माफी पर उठाए सवाल
केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आप नेता ने दावा किया कि देश की 43 बड़ी निजी कंपनियों का करीब 3 लाख 53 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया। इसके विपरीत, जब देश के अन्नदाता (किसानों) के कर्ज माफ करने की बात आती है तो सरकार अपने हाथ पीछे खींच लेती है। उन्होंने कहा कि जितनी राशि कॉर्पोरेट घरानों की माफ की गई है, उससे देश के किसानों का कर्ज कई बार माफ किया जा सकता था।
केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका पर घेरा
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि देश में प्रवर्तन निदेशालय (ED), सीबीआई (CBI) और आयकर विभाग (IT) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन-जिन व्यावसायिक संस्थानों पर इन एजेंसियों की कार्रवाई या छापे पड़े, वे अंततः अडानी समूह के नियंत्रण में चले गए।
कोनिया स्कूल मामले में जिला प्रशासन को चेतावनी
वाराणसी के स्थानीय मुद्दे को उठाते हुए संजय सिंह ने कोनिया स्थित विद्यालय की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि करीब 30 हजार की आबादी के बीच स्थित इस स्कूल को कागजों में और यू-डाइस (U-DISE) पोर्टल पर संचालित दिखाया जा रहा है। इस अनियमितता को उजागर करने पर आप प्रवक्ता मुकेश सिंह पर दर्ज कराए गए मुकदमे को उन्होंने प्रशासनिक तानाशाही करार दिया।
संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन एक महीने के भीतर कोनिया विद्यालय की स्थिति में सुधार नहीं करता है, तो आम आदमी पार्टी इसके खिलाफ व्यापक जन-आंदोलन शुरू करेगी।