{"vars":{"id": "125128:4947"}}

IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर राजनीति तेज: भाजपा नेता प्रशांत उमराव का बड़ा दावा-'राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दिया त्यागपत्र'

भाजपा नेता का आरोप: 'एजेंडा फैलाने और DM के बाद सीधे कमिश्नर बनने की चाह में उठाया कदम'; पति पर भी लगाए गंभीर आरोप।

 

लखनऊ (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल द्वारा पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ जहां दिव्या मित्तल के इस्तीफे और उनके X (ट्विटर) पोस्ट की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता प्रशांत उमराव ने उनके इस कदम पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया है।

रात के अंधेरे में राहुल गांधी से मुलाकात का आरोप

भाजपा नेता प्रशांत उमराव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दिव्या मित्तल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पूर्व IAS अधिकारी ने रात के अंधेरे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी और उसके बाद ही यह इस्तीफा दिया गया, ताकि आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों में एक खास एजेंडा फैलाया जा सके।

प्रशांत उमराव ने अपने पोस्ट में लिखा कि सदैव 'राजा' की तरह रहने की इच्छा के कारण उन्हें संयुक्त सचिव (विशेष सचिव) का पद रास नहीं आ रहा था, क्योंकि वह जिलाधिकारी (DM) के बाद सीधे कमिश्नर बनना चाहती थीं।

जनप्रतिनिधियों से अनबन और PR स्टंट के आरोप

भाजपा नेता ने अपने पोस्ट में दिव्या मित्तल की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि:

  • योजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश: केंद्र सरकार की 'हर घर जल योजना' को अपना व्यक्तिगत प्रयास बताकर प्रचारित किया गया और उद्घाटन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों व सांसदों को अनदेखा किया गया।

  • जनप्रतिनिधियों से टकराव: जिन-जिन जिलों में उनकी तैनाती रही, वहां के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ उनका समन्वय कभी ठीक नहीं रहा।

  • गंभीर आरोप: भाजपा नेता ने उनके पति पर भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि PR के जरिए एक खास छवि गढ़ने का काम किया जा रहा था।

आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है।

साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी। पर 'सब कुछ' पा लेने पर भी कुछ… pic.twitter.com/4VRXpK8nu8

— Divya Mittal (@divyamittal_IAS) August 30, 2026


13 साल के प्रशासनिक सफर के बाद दिया त्यागपत्र

आपको बता दें कि देवरिया, मिर्जापुर और संतकबीरनगर जैसे जिलों में बतौर जिलाधिकारी अपनी सेवाएं दे चुकीं दिव्या मित्तल ने हाल ही में राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर रहते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई कर लंदन की नौकरी छोड़ भारत लौटीं दिव्या मित्तल ने 2013 में यूपीएससी में 68वीं रैंक हासिल की थी। मिर्जापुर के लहुरियादह गांव में आजादी के दशकों बाद पानी पहुंचाने को लेकर वह काफी चर्चा में आई थीं।

इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी 13 साल की यात्रा को याद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया था, लेकिन अब भाजपा नेता के इस दावे के बाद उनके इस्तीफे पर सियासी घमासान छिड़ गया है।