{"vars":{"id": "125128:4947"}}

'50 हजार से कम फॉलोअर्स तो टिकट नहीं मिलेगा...': शिवराज सिंह चौहान की किताब 'अपनापन' में पीएम मोदी के विजन का बड़ा खुलासा

जब 'ईमेल' को 'फीमेल' समझ बैठे नेता, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का वो मजेदार किस्सा

 

नई दिल्ली/भोपाल (भदैनी मिरर): केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नई किताब 'अपनापन' का मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली में भव्य विमोचन (लॉन्चिंग) किया गया। इस किताब में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने पिछले 35 वर्षों के गहरे संबंधों, खट्टे-मीठे अनुभवों और राजनीतिक सफर का बेहद सजीव वर्णन किया है। बुक लॉन्चिंग के मौके पर केंद्रीय मंत्री ने पीएम मोदी की दूरदर्शिता और उनके 'टैक्नोलॉजी प्रेम' से जुड़े कई ऐसे दिलचस्प किस्से साझा किए, जिसे सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाने पर मजबूर हो गए।

जब बैठक में 'ईमेल' को 'फीमेल' समझ बैठे नेता

शिवराज सिंह चौहान ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक चुनावी बैठक का जिक्र किया, जब नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के भाजपा प्रभारी बनकर आए थे। उन्होंने बताया:

"मैं उस समय प्रदेश का महामंत्री था। चुनाव की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक चल रही थी। बैठक में अचानक नरेंद्र भाई ने पूछा कि 'ये बताओ, आप में से किसके पास ईमेल आईडी है?' उस दौर में नेताओं का ईमेल से कोई वास्ता नहीं होता था। सब एक-दूसरे का मुंह देखने लगे और सन्नाटा पसर गया। तभी वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर खड़े हुए और हंसते हुए बोले- 'नरेंद्र भाई, ये क्या फीमेल-फीमेल (Female) कर रहे हो! इस फीमेल-ईमेल से क्या होने वाला है?' यह सुनते ही पूरी बैठक में ठहाके गूंज उठे।"

चौहान ने आगे कहा कि जब मैं युवा मोर्चा का अध्यक्ष था और उनसे मिलने जाता था, तब भी वह कानों में मफलर बांधे कंप्यूटर पर काम करते दिखते थे। उन्हें बहुत पहले से अंदाजा था कि विकसित भारत के निर्माण में टेक्नोलॉजी कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सोशल मीडिया पर एक्टिव होने का फरमान: 'फॉलोअर्स कम तो टिकट का खतरा'

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया के दौर की शुरुआत का एक बेहद रोचक वाकया बताते हुए कहा कि जब हम जैसे कार्यकर्ता सोशल मीडिया को ज्यादा तवज्जो नहीं देते थे, तब पीएम मोदी ने उन्हें बुलाकर एक सख्त हिदायत दी थी।

पीएम मोदी ने कहा था, "हर विधायक और सांसद से कह दो कि अगर सोशल मीडिया पर 50 हजार से कम फॉलोअर्स हुए, तो चुनाव में टिकट मिलना मुश्किल हो जाएगा। जनता से सीधे जुड़ाव के लिए यह बेहद जरूरी है।" शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी एक दूरद्रष्टा नेता हैं, जिन्होंने देश में एआई (AI) समिट कराकर दुनियाभर के दिग्गजों को भारत से जोड़ा।

क्या है 'अपनापन' किताब में खास?

शिवराज सिंह चौहान की इस नई पुस्तक 'अपनापन' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके साढ़े तीन दशकों के राजनैतिक और व्यक्तिगत रिश्तों का ताना-बाना बुना गया है। चौहान ने किताब में इस बात का भी विशेष उल्लेख किया है कि साल 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब वह एक बड़े राजनीतिक संकट से जूझ रहे थे, तब पीएम मोदी की 'असाधारण गर्मजोशी, संवेदनशीलता और मार्गदर्शन' ने ही उन्हें उस मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकालने में मदद की थी।