{"vars":{"id": "125128:4947"}}

 सतीश महाना के रसीद वाले बयान पर पलटवार, कहा— "चढ़ावे की रसीद नहीं होती, फ्रस्ट्रेशन में दे रहे हैं ऐसे बयान"
 

'पीएम को अधिकारी बना रहे बेवकूफ...'; वाराणसी में अजय राय का तंज, राम मंदिर चढ़ावा चोरी से लेकर राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर बोला हमला

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ चौतरफा हमला बोला। नीट (NEET) परीक्षा में अनियमितता से लेकर अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर अजय राय ने भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया।

"पीएम को बेवकूफ बना रहे अधिकारी, सरकार वही चला रहे"


प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में सरकार प्रधानमंत्री नहीं बल्कि उनके अधिकारी चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी प्रधानमंत्री को गलत तथ्य देकर बेवकूफ बना रहे हैं, जिसका नतीजा है कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियों में भारी गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं। अजय राय ने प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत जीवन और कार्यशैली पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट चुके हैं।


8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल गांधी का 'छात्र संवाद', पोस्टर जारी

छात्रों और युवाओं के मुद्दों को उठाते हुए अजय राय ने 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के विशाल छात्र संवाद कार्यक्रम का पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर पर "जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा" का नारा दिया गया है।

अजय राय ने बताया, "राहुल गांधी नौजवानों के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून के बाद अब वे संगम नगरी प्रयागराज आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में बीएचयू, काशी विद्यापीठ, यूपी कॉलेज, हरिश्चंद्र और संपूर्णानंद समेत पूरे यूपी के कोने-कोने से लाखों छात्र हिस्सा लेंगे।"

चढ़ावा चोरी विवाद पर सतीश महाना पर कटाक्ष

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा राम मंदिर और शिवालयों में चढ़ावे की रसीद दिखाने संबंधी बयान पर अजय राय ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कोई रसीद नहीं होती, रसीद चंदे की कटती है।

अजय राय ने सवाल उठाया, "चढ़ावा अपनी स्वेच्छा से दिया जाता है। फ्रस्ट्रेशन और घबराहट में आकर इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं क्योंकि चढ़ावा चोरी इनके सिर पर जाकर चिपक गई है। चंपत राय और अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी अभी तक क्यों नहीं हुई? इस्तीफा देने वाले लोग गेरुआ वस्त्र पहनकर घूम रहे हैं, जो संतों का अपमान है।"


कंगना रनौत और चुनावों पर टिप्पणी

अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के आरएसएस (RSS) के प्रति झुकाव वाले बयान पर अजय राय ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कंगना संघ से इतनी प्रभावित हैं, तो उन्हें संसद सदस्य के पद से तत्काल इस्तीफा देकर स्थायी रूप से संघ का प्रचारक बन जाना चाहिए।

वहीं उपचुनावों के नतीजों पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि दतिया में माता पीतांबरा की कृपा से कांग्रेस जीती है और बिहार में समर्थित सीटों पर मिली सफलता यह साबित करती है कि भाजपा के "हमारा बूथ सबसे मजबूत" के दावे की हवा निकल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि बिहार का यह चुनावी रुझान आने वाले समय में बनारस और पूरे उत्तर प्रदेश में दोहराया जाएगा।