बारात में डांसर से अश्लील हरकत, वीडियो वायरल होने पर भाजपा नेता बब्बन सिंह निष्कासित
भाजपा ने की कड़ी कार्रवाई, नेता ने लगाया पार्टी विधायक पर साजिश का आरोप
बलिया,भदैनी मिरर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए अश्लील वीडियो के चलते भाजपा नेता बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी ने तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। वायरल वीडियो में बब्बन सिंह एक डांसर को गोद में लेकर अशोभनीय हरकतें करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो बिहार के एक शादी समारोह का है, जहां बब्बन सिंह बारात में शामिल थे।
पार्टी की सख्त कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा में भारी आक्रोश और शर्मिंदगी का माहौल था। पार्टी ने इस व्यवहार को भाजपा की गरिमा और सिद्धांतों के खिलाफ मानते हुए बब्बन सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बब्बन सिंह बलिया की रसड़ा चीनी मिल के उपसभापति हैं और वर्ष 1993 में भाजपा के टिकट पर बांसडीह विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।
खुद को बताया साजिश का शिकार
निष्कासन के बाद बब्बन सिंह ने विधायक केतकी सिंह और उनके पति पर आरोप लगाया कि यह पूरा मामला उन्हें फंसाने और बदनाम करने की साजिश है। उनका कहना है कि वीडियो फर्ज़ी है और उनकी उम्र में इस प्रकार का आचरण असंभव है।
उन्होंने दावा किया कि यह घटना बिहार में एक बारात की है, जहां दुर्गीपुर के ग्राम प्रधान की शादी में वे शरीक हुए थे और वहां पर विधायक केतकी सिंह के परिवार के लोग भी मौजूद थे। बब्बन सिंह ने कहा कि उन्हीं लोगों ने षड्यंत्रपूर्वक वीडियो बनाया और वायरल किया।
कैमरे में कैद हुई हरकतें
हालांकि, वीडियो खुले मैदान में दर्जनों कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है और इसे लेकर भाजपा ने किसी भी साजिश की संभावना से इनकार किया है। पार्टी के मुताबिक, जमीनी साक्ष्य और वीडियो फुटेज स्पष्ट हैं और ऐसे आचरण को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।