देवरिया: अपना दल (एस) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
प्रदेश महासचिव अरविन्द सिंह पटेल बोले, पंचायत चुनाव में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा
देवरिया, भदैनी मिरर| अपना दल (एस) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल एवं कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल के अनुमोदन पर डॉ. अरुण कुमार पटेल को देवरिया का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। शनिवार को इस अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश महासचिव अरविन्द सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कौशल पटेल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह के दौरान प्रदेश महासचिव अरविन्द सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन को हर जिले में मजबूत करना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पार्टी के सिद्धांतों से जोड़ते हुए अधिक से अधिक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
मीडिया से बातचीत में अरविन्द सिंह पटेल ने कहा कि वर्तमान में अपना दल (एस) भाजपा के साथ गठबंधन में है और पार्टी हाईकमान के हर निर्णय पर पूरी मजबूती से खरा उतरेगी। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को जमीन से जुड़ी नेता बताते हुए कहा कि किसान, बेरोजगार और आम जनता की समस्याओं को वे संसद में मजबूती से उठा रही हैं। वहीं यूपी में आशीष पटेल सरकार तक जनहित के मुद्दे पहुंचा रहे हैं।
इस मौके पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार पटेल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि हाईकमान ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के हक की लड़ाई लड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
डॉ. अरुण पटेल ने यह भी आश्वासन दिया कि जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए वे सदैव सुलभ रहेंगे और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा।