‘अजित दादा’ पंचतत्व में विलीन: राजकीय सम्मान के साथ बारामती में अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई विदाई
विमान हादसे में निधन के बाद उमड़ा जनसैलाब, अमित शाह, शरद पवार, फडणवीस समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
बारामती/नई दिल्ली, भदैनी मिरर। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को गुरुवार को उनके गृहनगर बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। एक दुखद विमान हादसे में उनके निधन के बाद न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार के दौरान समर्थकों और शुभचिंतकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
अंतिम संस्कार की रस्में दोपहर में विद्या प्रतिष्ठान मैदान में संपन्न हुईं। अजित पवार के बेटों पार्थ पवार और जय पवार ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पत्नी एवं राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं और अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
जब काटेवाड़ी गांव से राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार स्थल लाया गया, तो मैदान में मौजूद हजारों लोगों ने “अजित दादा अमर रहें” के नारे लगाए। पूरा वातावरण शोक और भावनाओं से भर गया।
अंतिम संस्कार में जुटे देश-राज्य के दिग्गज नेता
इस दुखद घड़ी में राजनीतिक दलों की सीमाएं टूटती दिखीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मुरलीधर मोहोल, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई केंद्रीय व राज्य मंत्री बारामती पहुंचे।
एनसीपी (एसपी) प्रमुख और अजित पवार के चाचा शरद पवार भी मौजूद रहे। वे पूरे समय मौन रहकर अपने भतीजे को अंतिम विदाई देते नजर आए। अजित पवार की चचेरी बहन और सांसद सुप्रिया सुले लगातार सुनेत्रा पवार को सांत्वना देती रहीं।
इसके अलावा प्रफुल्ल पटेल, रामदास अठावले, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व मुख्यमंत्री सुशीलकुमार शिंदे, अशोक चव्हाण, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, मनसे प्रमुख राज ठाकरे और अभिनेता रितेश देशमुख समेत कई प्रमुख हस्तियां अंतिम संस्कार में शामिल हुईं।
अनुशासन ही ‘दादा’ को सच्ची श्रद्धांजलि
अजित पवार अपने अनुशासन और प्रशासनिक सख्ती के लिए जाने जाते थे। अंतिम संस्कार के दौरान लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की जाती रही। प्रशासन ने कहा कि व्यवस्था बनाए रखना ही ‘दादा’ को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कैसे हुआ हादसा
बुधवार को अजित पवार का विमान बारामती एयरस्ट्रिप के पास लैंडिंग से करीब 200 मीटर पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लग गई, जिससे अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक, सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल हैं।
ब्लैक बॉक्स बरामद, जांच जारी
हादसे की जांच के लिए पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। शुरुआती जांच में खराब विजिबिलिटी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।