उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कभी बारिश, कभी धूप, और कभी बिल्कुल साफ आसमान—मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन के मुकाबले रातों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में साफ मौसम रहने का अनुमान लगाया है, लेकिन इसके बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। हाल ही में राजधानी लखनऊ सहित कई इलाकों में जमकर बारिश हुई, लेकिन अब बारिश का दौर थम चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 और 30 दिसंबर को राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखी जा सकती है। इससे रात के समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की उम्मीद है। रविवार को जिन इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला, उनमें बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बलरामपुर शामिल हैं। इसके अलावा श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में भी कोहरे का असर देखा गया।
इन इलाकों में कोहरे से जनजीवन प्रभावित
बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, और बदायूं जैसे जिलों में घने कोहरे के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही, जिससे यातायात और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा।
ठंड बढ़ने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेश में शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, और हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा। इसका असर तापमान पर पड़ेगा, और न्यूनतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह के समय उत्तरी इलाकों में घना कोहरा छा सकता है, जो धीरे-धीरे अन्य हिस्सों तक फैल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में तेजी से बदलते मौसम और बारिश पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है। अगले सप्ताह से हवा में नमी के साथ तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। मौसम में इस बदलाव को देखते हुए प्रदेशवासियों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।