उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बीते 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कोहरे की संभावना के चलते मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना जताई गई है।
कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को यूपी के विभिन्न जिलों में घना कोहरा छा सकता है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बस्ती, और गोरखपुर जैसे जिलों में कोहरा कहीं घना तो कहीं मध्यम रहेगा। ग्रामीण इलाकों में कोहरे का प्रभाव अधिक दिखाई देने की संभावना है।
9 दिसंबर तक कोहरे और बारिश का अलर्ट
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 8 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत और हिमालयी क्षेत्र के पास के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही, 9 दिसंबर तक कई जिलों में घना कोहरा बने रहने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को यूपी के अयोध्या में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो गुरुवार के मुकाबले 2 डिग्री कम था। वहीं, उरई में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
मौसम की इन परिस्थितियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने की सलाह दी गई है।