वाराणसी। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों और मजदूरों के शोषण के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कैंट स्टेशन पर रोककर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में लखनऊ विधानसभा घेराव के लिए जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कैंट स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद
जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, तो वे स्टेशन पर ही धरने पर बैठ गए। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार के निर्देश पर कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक बसों में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया।
गिरफ्तारी देने वालों में प्रमुख नाम
गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, मेहदी हसन, अशोक सिंह, बिनीत चौबे, आशीष गुप्ता, अब्दुल हमीद, अफसर खान, रमेश गुप्ता, रवि प्रताप सिंह, समसुद्दीन, मनोज चौबे, वीरेंद्र प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में लोग शामिल रहे।
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आवाज
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण आम जनता परेशान है। सरकार किसानों, मजदूरों और युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। इस प्रदर्शन के जरिए वे इन मुद्दों पर सरकार को घेरना चाहते थे।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाकर बाद में रिहा कर दिया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।