भारत में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) का पहला मामला दर्ज किया गया है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 8 महीने के एक बच्चे में इस वायरस की पुष्टि हुई है। बुखार की शिकायत के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल टेस्ट में HMPV पॉजिटिव पाया गया।
दिल्ली और महाराष्ट्र में एडवाइजरी जारी
हाल ही में दिल्ली, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में इस वायरस को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई थी। चीन में HMPV संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच भारत में भी इसके प्रति चिंता जताई जा रही है।
बच्चे की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं, इलाज जारी
खास बात यह है कि बच्चे की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं पाई गई है, जिससे संक्रमण के स्रोत का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल, उसका इलाज बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में जारी है।
केंद्र सरकार को सूचित किया गया
कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने HMPV संक्रमण की पुष्टि करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को इसकी जानकारी दी है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे में पाया गया वायरस चीन में फैल रहे स्ट्रेन से जुड़ा है या नहीं।
चीन में बढ़ते मामलों से सतर्कता जरूरी
चीन में HMPV के बढ़ते मामलों के चलते भारत में भी सतर्कता बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारी कर रहा है।