वाराणसी: रोहनियां में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जमीन विवाद की आशंका
वाराणसी/न्यूज डेस्क, भदैनी मिरर। वाराणसी के रोहनियां थाना क्षेत्र में बीती रात बदमाशों के हौसले बुलंद दिखे। सौरव विहार कालोनी (अखरी) के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक जनरल स्टोर व्यवसाई को सरेराह गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसाई ने मंगलवार सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



दो राउंड फायरिंग, गोली लगने के बाद भी बाइक चलाकर घर पहुंचे जितेंद्र
मिली जानकारी के अनुसार, रोहनियां निवासी जितेंद्र कुमार पटेल (40 वर्ष) जनरल स्टोर के व्यापारी थे। बीती रात जब वह अपना जनरल स्टोर की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे उसी वक्त सौरव विहार कालोनी अखरी के पास घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर दी।

बाल-बाल बचे, लेकिन पीठ में लगी गोली
बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली जितेंद्र के सिर के बगल से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनकी पीठ में जा धंसी। गोली लगने के बावजूद जितेंद्र ने गजब का साहस दिखाया और वह खुद बाइक चलाकर अपने घर पहुंचे। उन्होंने अपनी मां सुदामा देवी को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

"घटना की सूचना मिलते ही रोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ घायल जितेंद्र को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आज सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।"

दो साल पुराना जमीन विवाद बन सकता है हत्या की वजह!
परिजनों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हत्या के पीछे बबुरी स्थित एक जमीन का विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि बबुरी में जितेंद्र की एक जमीन थी, जिसकी रजिस्ट्री करीब दो साल पहले हुई थी। इस जमीन को लेकर कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना के खुलासे के लिए डीसीपी ने टीमें गठित कर दी है। पुलिस हर एंगल को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
परिवार में कोहराम: तीन भाइयों में सबसे बड़े थे जितेंद्र
जितेंद्र कुमार पटेल की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां सुदामा देवी और पत्नी रेनू का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें ढांढस बंधाने में रिश्तेदार और पड़ोसी जुटे हैं।
जितेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह अपने पीछे दो छोटे बेटों अतुल कुमार (उम्र 11 वर्ष) और आयुष कुमार (उम्र 9 वर्ष) को छोड़ गए हैं।

पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी (CCTV) फुटेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहनियां पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। सौरव विहार कालोनी और अखरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
