उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप तेज़ हो गया है। कई इलाकों में घने कोहरे और ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ समेत बुंदेलखंड, पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। मध्य यूपी के हिस्सों में मौसम स्थिर रहेगा। हालांकि, रात के तापमान में धीरे-धीरे 2°C से 4°C तक की गिरावट होने का अनुमान है।
9 जनवरी तक घने कोहरे का अनुमान
आईएमडी ने 9 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे की संभावना जताई है। कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना
मौसम विभाग ने 11 जनवरी तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश में 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने 10 से 12 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव का अनुमान जताया है। हालांकि, इससे तापमान में खास सुधार नहीं होगा।
कोल्ड डे जारी
हालांकि पश्चिमी विक्षोभ से धुंध कुछ कम हो सकती है, लेकिन दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रहेगा। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे जारी रहेगा।