{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी मौसम अपडेट: अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री, ठंड से मिली राहत, बूंदाबांदी की संभावना

वसंत पंचमी के बाद बदला काशी का मौसम, दिन में तेज धूप और 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
 

 

वाराणसी। वसंत पंचमी के बाद काशी के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन में धूप काफी तीखी रही, जिससे लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली। दोपहर के समय गर्माहट बढ़ने के कारण सर्द कपड़ों की जरूरत कम महसूस की गई। वहीं सुबह और देर शाम हल्की ठंड बनी रही।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश का असर वाराणसी के मौसम पर भी देखने को मिला। दिन के दौरान करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। हवा में नमी का स्तर लगभग 60 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया, जिससे वातावरण में हल्की उमस महसूस हुई।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और बदल सकता है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के आसपास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जिसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों पर भी पड़ सकता है।

उन्होंने संभावना जताई कि वाराणसी और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

मौसम में आए इस बदलाव से काशीवासियों को जहां ठंड से राहत मिली है, वहीं किसान और आम लोग अब आगामी दिनों के मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए हुए हैं।