वाराणसी में पछुआ हवाओं से बदला मौसम, पारा गिरने से बढ़ी सिहरन
दिन में धूप, शाम को सिहरन — बीएचयू मौसम वैज्ञानिक ने बताया दो दिन से पछुआ हवाओं का दबाव बढ़ा, हफ्तेभर ऐसा ही रहेगा मौसम
Oct 13, 2025, 09:30 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। शहर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। तीन दिनों से आसमान साफ है और दिन में धूप निकल रही है, लेकिन हवा में नमी अधिक होने से धूप का असर कम महसूस हो रहा है। रविवार को भी यही स्थिति देखने को मिली। दिन में धूप थोड़ी तेज जरूर रही, मगर शाम होते ही अन्य दिनों की तुलना में सिहरन और बढ़ गई।
पिछले 24 घंटे में तापमान में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को घटकर 32.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शनिवार को 22.5 डिग्री था।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि बीते दो दिनों से ऊपरी सतह पर पछुआ हवाओं का दबाव बढ़ा है। इन्हीं हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले एक सप्ताह तक तापमान में हल्की गिरावट और सुबह-शाम सिहरन बनी रहने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे पछुआ हवाएं और सक्रिय होंगी, ठंड का असर बढ़ता जाएगा। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन हवा की दिशा और दबाव में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों के लिए सुबह और शाम हल्की सर्दी का एहसास शुरू हो गया है। दुकानदारों ने अब गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने की बात कही है। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि रात में बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, क्योंकि मौसम में अचानक बदलाव से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।