बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे और तुम्हे भी... अधिवक्ता को मिला धमकी भरा मैसेज
जिला जज को दी गई सूचना, पुलिस के उच्चाधिकारी संपर्क में; अधिवक्ताओं ने की सुरक्षा की मांग
Feb 26, 2026, 11:10 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। शहर की कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब मामला और गंभीर हो गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के मोबाइल फोन पर धमकी भरा संदेश भेजा गया है। मैसेज में लिखा था— “ बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी।”
गुरुवार सुबह यह संदेश मिलने के बाद अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने तत्काल जिला जज, वाराणसी को इसकी सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए और श्रीनाथ त्रिपाठी से संपर्क कर उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया।
अधिवक्ताओं में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
धमकी की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बीच चिंता का माहौल बन गया। वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक शंकर तिवारी, अनुज यादव सहित कई अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर श्रीनाथ त्रिपाठी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
गोपनीय जांच की अपील
श्रीनाथ त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि कचहरी परिसर की जांच सार्वजनिक रूप से दिखावे के बजाय गोपनीय तरीके से की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
उन्होंने कहा, “पुलिस प्रशासन अविलंब इस बात की जांच करे कि आखिर कौन कचहरी को डिस्टर्ब कर रहा है। यह न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश भी हो सकती है।”
पहले भी मिल चुकी है धमकी
बता दें, वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी पहले भी जिला जज को ईमेल के माध्यम से मिल चुकी है। उस समय प्रशासन हरकत में आया था और कचहरी परिसर में रूटीन चेकिंग अभियान चलाया गया था।
ताजा धमकी के बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कचहरी परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच तेज कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।