महिला हिंसा के खिलाफ बुलंद हुई आवाज: मिर्जामुराद के प्रतापपुर में जागरूकता रैली के साथ पखवाड़े का आगाज
3. वाराणसी: लोक समिति ने शुरू किया महिला हिंसा विरोधी पखवाड़ा, कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ प्रदर्शन
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में बुधवार को लोक समिति के तत्वावधान में 'महिला हिंसा विरोधी पखवाड़ा' की भव्य शुरुआत की गई। पखवाड़े के पहले दिन सैकड़ों महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और ग्रामीणों ने घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता रैली निकाली।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर और जोशीले नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। "चुप नहीं रहना है-हिंसा नहीं सहना है", "बाल विवाह बंद करो", "महिला हिंसा बंद करो", "दहेज प्रथा पर रोक लगाओ" और "यौन हिंसा पर रोक लगाओ" जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। 'भेदभाव मिटायेंगे नया समाज बनायेंगे' के संदेश के साथ अभियान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले महिला हिंसा विरोधी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का संदेश दिया गया। 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े की थीम/संदेश 'भेदभाव मिटायेंगे नया समाज बनायेंगे' रखा गया है, जिसके तहत आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
चुप्पी तोड़ने और व्यवस्था बदलने का आह्वान
रैली और सभा के दौरान महिलाओं ने बेबाकी से अपनी बात रखते हुए कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा पर खुलकर चर्चा करना बेहद जरूरी है, ताकि समाज में इस समस्या की गंभीरता को समझा जा सके। उन्होंने जोर दिया कि हिंसा को समाप्त करने के लिए सभी वर्गों को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।
इस मौके पर लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जड़ें अक्सर समाज की पुरुष प्रधान ढांचागत व्यवस्था में छिपी होती हैं, जिसे बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा: हमें यह दृढ़ संकल्प लेना होगा कि अब और हिंसा नहीं सहेंगे। समाज और व्यवस्था से सवाल पूछने की आदत डालनी होगी। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर अन्याय और हिंसा का मुखर विरोध करना चाहिए। समाज में व्याप्त अंधविश्वासों को तोड़ना भी आवश्यक है, क्योंकि कई बार ये अंधविश्वास भी महिलाओं के प्रति हिंसा का माध्यम बन जाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनीता, सोनी, रामबचन, मनीषा, आशा राय, वंदना, ऊषा राय, दुर्गावती, कुसुम, आरती, अर्चना, रेनू सहित प्रतापपुर गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरी बालिकाएं और स्थानीय नागरिक शमिल रहे।