{"vars":{"id": "125128:4947"}}

विनीत यादव हत्याकांड: रो-रोकर सीएम योगी से बोली मासूम बेटी— 'पिता के हत्यारों का हो एनकाउंटर, मिले फांसी'

दोस्त ही निकले हत्यारे! 24 तारीख को हुई विनीत यादव की हत्या; परिजनों और बच्चों का फूटा आक्रोश, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क: विनीत यादव हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार का सब्र का बांध अब टूट चुका है। न्याय की आस में भटक रहे परिजनों और मासूम बच्चों का आक्रोश सड़कों और मीडिया के सामने फूट पड़ा है। मृतक की मासूम बेटी शिवांशी यादव ने रो-रोकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए पिता के हत्यारों के एनकाउंटर और उन्हें फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। वहीं, परिजनों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं।

दोस्तों ने ही रची साजिश, 24 तारीख को की गई हत्या

मृतक विनीत यादव की पत्नी नीतू यादव ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके पति की निर्मम हत्या किसी अनजान ने नहीं, बल्कि उनके ही करीबी दोस्तों—आकाश, गोलू और साहिल ने मिलकर 24 तारीख को कर दी। परिजनों के मुताबिक, दोस्तों ने धोखे से विनीत को बुलाया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पति की मौत के बाद से ही घर में मातम छाया हुआ है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस पर गंभीर आरोप: 'पकड़कर छोड़ दे रही है पुलिस'

घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली से नाराज परिजनों का गुस्सा भड़क उठा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस मामले में कोई ठोस या कड़ी कार्रवाई करने के बजाय केवल खानापूर्ति कर रही है। परिजनों ने दावा किया कि पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेती तो है, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दे रही है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।

"सिर्फ आश्वासन नहीं, कड़ा इंसाफ चाहिए"

मृतक की बेटी शिवांशी का एक भावुक बयान सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए कह रही है कि उसके पिता के हत्यारों का एनकाउंटर होना चाहिए और उन्हें फांसी पर लटकाया जाना चाहिए।

स्थानीय निवासियों और परिजनों का कहना है कि प्रशासन केवल झूठे आश्वासन देना बंद करे और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजे। परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र और कठोर कानूनी/प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।