चोरी के माल के साथ ग्रामीणों ने पांच चोरों को दबोचा, किया पुलिस के हवाले
18 से 19 वर्ष के हैं पांचों चोर, सरिया और पानी की टंकी ही उठा ले गये थे
नवनिर्मित मकान का ताला तोड़कर हुई थी चोरी, घर की देखभाल करनेवाले चोरों को देख लिया
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार परसपुर गांव में रविवार की देर रात को नवनिर्मित मकान का ताला तोड़कर चोरों ने पिलर का सरिया और पानी टंकी उठा ले गए। इस मामले में भवन स्वामी की तहरीर के आधार पर राजातालाब पुलिस विभिन्न धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई।
इस घटना की जानकारी तब हुई जब मकान की देखरेख करने वाले मनोज सिंह निवासी इटहरा (भदोही) वहां पहुंचे तो देखा कि सरिया और पानी टंकी गायब था। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की तो थोड़ी दूर पर एक कुटिया के पास चोरी के 50 से 60 किलो पिलर का सरिया और 1100 लीटर की पानी टंकी के साथ सभी चोर वहीं बैठे थे। चोर चोरी के सामानों को हटाने की फिराक में थे।
ग्रामीणों की मदद से पांचों चोरों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने भवन स्वामी की तहरीर पर मोहित, आर्यन, नागेश्वर, किशन पाल, विजय राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। चोरी में पकड़े गये पांचों की उम्र 18 से 19 वर्ष है।