उदयपुर गांव में 20 साल पुरानी छठ पूजा पर रोक से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; प्रशासन के खिलाफ आमरण अनशन की चेतावनी
चोलापुर क्षेत्र के शिव मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे वर्षों से हो रही थी पूजा, एसडीएम के आदेश पर रोक का आरोप।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत उदयपुर (शिवपुर विधानसभा क्षेत्र) में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यहां शिव मंदिर के पास स्थित पीपल के पेड़ के नीचे पिछले करीब 20 वर्षों से चली आ रही पारंपरिक छठ पूजा पर प्रशासनिक रोक लगाए जाने के बाद ग्रामीणों और महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा है।
जमीन कब्जे की मंशा का आरोप, अधिकारियों से वार्ता विफल
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि किसी व्यक्ति विशेष की निजी और निहित स्वार्थ वाली शिकायत के आधार पर जमीन पर कब्जे की मंशा से यह वर्षों पुरानी परंपरा बंद कराई जा रही है।
मामले की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं से वहां पूजा न करने की अपील की। हालांकि, अधिकारियों और आक्रोशित ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता पूरी तरह विफल रही। महिलाओं ने दो टूक कह दिया कि वे अपनी आस्था और परंपरा से पीछे नहीं हटेंगी।
आमरण अनशन की चेतावनी, ग्राम पंचायत का मिला समर्थन
इस पूरे घटनाक्रम के बाद उदयपुर गांव में तनाव और रोष का माहौल है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी), ग्राम पंचायत सदस्यों समेत पूरा गांव खुलकर महिलाओं के समर्थन में आ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे इस मामले में पहले ही जिलाधिकारी (DM) और पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) को लिखित प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की गुहार लगा चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अपने आदेश को वापस नहीं लिया और पारंपरिक स्थल पर ही छठ पूजा की अनुमति नहीं दी, तो वे आमरण अनशन / क्रमिक अनशन शुरू करने के लिए विवश होंगे।
लेखपाल ने फोन पर पक्ष देने से किया इनकार
इस संवेदनशील मामले पर जब मीडिया की ओर से क्षेत्रीय लेखपाल सौम्या रघुवंशी से फोन पर संपर्क कर उनका और प्रशासन का पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने फोन पर किसी भी तरह की जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कल मौके पर आकर ही बात की जाएगी।
फिलहाल, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसी एक व्यक्ति के इशारे पर एकतरफा कार्रवाई करने के बजाय पूरे गांव की बात सुनी जाए, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे और सदियों पुरानी लोक आस्था व परंपरा का सम्मान सुरक्षित रह सके।