वाराणसी: शिवपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला को बस ने रौंदा, मौत
बस छोड़कर चालक फरार, आक्रोशित लोगों की जुटी भारी भीड़
शिवपुर थाना क्षेत्र के होटल आद्रिका के सामने हुआ हादसा
अशोक विहार कॉलोनी की रहने वाली थी मृतका आकांक्षा श्रीवास्तव
वाराणसी (भदैनी मिरर): शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक होटल के सामने सड़क पार कर रही महिला को वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रही थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुर के अशोक विहार कॉलोनी की रहने वाली आकांक्षा श्रीवास्तव (पत्नी राहुल श्रीवास्तव) सुबह करीब 7:00 बजे अपने बेटे को संत अतुलानंद स्कूल छोड़कर घर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका (रोटी ढाबा) के सामने सड़क पार करने लगीं, तभी वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बस चालक ने महिला को बेरहमी से रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।
चालक बस छोड़कर फरार, मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थिति को भांपते हुए बस का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।