Varanasi Weather: रात में भी उमस बरकरार, पारा 2-3 डिग्री ऊपर, जानें कब मिलेगी राहत
आमतौर पर शारदीय नवरात्र से मौसम बदलने लगता है और रात में सिहरन महसूस होती है, लेकिन इस बार बनारस में उमस भरी गर्मी जारी, मंगलवार को तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा दर्ज
Sep 24, 2025, 09:19 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। करीब पांच वर्ष पूर्व तक शारदीय नवरात्र शुरु होते ही रात में सिहरन महसूस होने लगती थी। परंपरा और विज्ञान दोनों मानते हैं कि इस समय से शरद ऋतु की शुरुआत होती है और रातों में हल्की सिहरन महसूस होने लगती है। लेकिन इस साल बनारस का मौसम उल्टा रुख दिखा रहा है। गुलाबी ठंड के बजाय उमस और चुभती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
पिछले चार वर्षों में नवरात्र के शुरुआती दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ था। जबकि इस बार अधिकतम तापमान 36 और 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और न्यूनतम भी 25 से 27 डिग्री तक दर्ज हुआ। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर था। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी 90 फीसदी तक पहुंच गई, जिससे पूरे दिन लोग पसीने से तरबतर नजर आए।
संक्रमण काल में उमस का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शारदीय नवरात्र का समय मौसम के बदलाव का संक्रमण काल माना जाता है। सामान्यतः इसी दौरान रातों में हल्की ठंडक और दिन में सुखद मौसम महसूस होता है, लेकिन इस बार उमस बरकरार है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार पिछले साल नवरात्र तीन अक्तूबर से शुरू हुआ था। इस साल तिथियों के बदलाव और मानसून की वापसी में देरी का असर दिखाई दे रहा है।
आज हल्की बारिश की संभावना
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की वापसी का सिलसिला जारी है। बादल पश्चिमी यूपी से पूरब की ओर बढ़ रहे हैं। निम्नदाब का क्षेत्र वर्तमान में तटीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा तट और बंगाल की खाड़ी में केंद्रित है। इसके चलते पूर्वांचल के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में बुधवार को हल्की-फुल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।