एक बार फिर UP का दूसरा सबसे तपता शहर रहा वाराणसी, सोमवार को पारा पहुंचा 42 डिग्री पार, IMD ने बताया आज कैसा रहेगा मौसम
Weather Update : वाराणसी में गर्मी का कहर लगातार जारी है। सोमवार को एक बार फिर बनारस उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, वहीं बनारस का अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री की बढ़त के साथ 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिन की चिलचिलाती धूप के साथ रात भी तपिश भरी रही। न्यूनतम तापमान भी 2.7 डिग्री की बढ़त के साथ 29.9 डिग्री तक जा पहुंचा। दोपहर में गर्म और धूल भरी हवाएं 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे लोग बेहाल हो उठे।
हालांकि उमस में थोड़ी राहत जरूर महसूस की गई, लेकिन तेज धूप ने लोगों को झुलसा दिया। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इस अलर्ट में चेतावनी दी गई है कि हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली, गर्जन और बारिश की भी संभावना जताई गई है।
बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जब तक मानसून नहीं आता, तब तक गर्मी और तीखी हो सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है।
प्रदेश भर में धूल भरी आंधी, लू के थपेड़े और रात में भी गर्मी बढ़ने के प्रबल आसार हैं।