{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: मिर्जामुराद के अमीनी गाँव में सरकारी भीटा से अतिक्रमण हटाने गई टीम से ग्रामीणों की झड़प, एक महिला बेहोश

मिर्जामुराद: सरकारी भीटा पर जेसीबी की कार्रवाई का विरोध, पुलिस से तीखी झड़प के बाद मचा हड़कंप

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमीनी गाँव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी भीटा से अवैध कब्जा हटाने पहुँची राजस्व और पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की तीखी झड़प हो गई। इस गहमागहमी के दौरान एक महिला अचेत होकर गिर पड़ी, जिसे पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुँचाया।

जानकारी के अनुसार (मिर्जामुराद) गाँव निवासी हिमाचल पटेल का आरोप है कि जिस भूमि पर उनकी गुमटी रखी थी, वह उनकी नंबर की भूमि है और इसका विवाद वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित का दावा है कि शुक्रवार सायं ग्राम प्रधान की शह पर राजस्व और पुलिस टीम जेसीबी लेकर पहुँची और नियम-विरुद्ध तरीके से गुमटी को ध्वस्त कर दिया। जब स्थानीय महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो पुलिस के साथ हाथापाई की स्थिति बन गई, जिसमें एक महिला अचेत हो गई।

दूसरी ओर, राजस्व टिम और पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज किया है। कानूनगो अशोक सोनकर कहना है कि जिस स्थान पर गुमटी रखी गई थी, वह अभिलेखों में 'सरकारी भीटा' दर्ज है और उस पर अवैध कब्जा किया गया था। "जब राजस्व टीम पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण हटाने पहुँची, तो कुछ लोगों ने जेसीबी के आगे खड़े होकर सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। वही इस मामले में मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन को हिरासत में लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।"