{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: गंगा पार रेती पर खुलेआम गांजा पीने का वीडियो वायरल, हरकत में आई वाराणसी पुलिस, चलाया चेकिंग अभियान

दशाश्वमेध घाट के सामने रामनगर-डोमरी रेती क्षेत्र में नशाखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड

 


चंदौली सीमा होने के बावजूद पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उतरी वाराणसी पुलिस, रेती पर मचा हड़कंप

थानाध्यक्ष संतोष सिंह और जल पुलिस प्रभारी सुधीर त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने ऊंट-घोड़े संचालकों को दी कड़ी हिदायत

 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क)। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन नगरी वाराणसी में गंगा घाटों और गंगा पार रेती (बालू) क्षेत्र में नशाखोरी और अराजकता की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला दशाश्वमेध घाट के ठीक सामने गंगा पार रामनगर-डोमरी की रेती का है, जहां कुछ युवकों द्वारा खुलेआम गांजा पीने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घाटों की सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।


सुबह के वक्त सैलानियों की भीड़ के बीच नशाखोरी!


बताया जा रहा है कि दशाश्वमेध घाट के सामने स्थित इस रेती क्षेत्र में सुबह-सुबह बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक और स्थानीय लोग उगते सूर्य को देखने, ऊंट और घोड़े की सवारी करने तथा प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं। वायरल वीडियो में तीन युवक बेखौफ होकर सरेआम गांजा पीते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, 'भदैनी मिरर' इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में नशाखोरों का जमावड़ा होना अब रोज की बात हो गई है।

वाराणसी पुलिस ने सीमा की परवाह किए बिना चलाया अभियान


वीडियो वायरल होते ही वाराणसी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह रेतीला क्षेत्र प्रशासनिक रूप से जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय (पड़ाव क्षेत्र) के अंतर्गत आता है। इसके बावजूद, पर्यटकों की सुरक्षा और वाराणसी की छवि को ध्यान में रखते हुए वाराणसी पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाई।

थानाध्यक्ष दशाश्वमेध संतोष कुमार सिंह, चौकी प्रभारी अनुजमणि तिवारी और जल पुलिस प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस की एक संयुक्त टीम नावों के जरिए गंगा पार रेती पर पहुंची। पुलिस टीम को अचानक अपनी तरफ आता देख रेती पर अनावश्यक रूप से बैठे रहने वाले और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया।


संदिग्धों की तलाशी और संचालकों को सख्त हिदायत


इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने रेती पर घूम रहे संदिग्ध लोगों की अमली जामा तलाशी ली। इसके साथ ही वहां पर्यटकों को ऊंट और घोड़े की सवारी कराने वाले स्थानीय संचालकों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि घाट या रेती क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नशा करते हुए या अराजकता फैलाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर इस क्षेत्र में लगातार गश्त करने की बात कही है।