Varanasi: शिवपुर में आल्हा-काल्हा मंदिर की बाउंड्री निर्माण को लेकर बवाल, थाने पहुंचीं महिलाएं; जमीन कब्जाने का लगाया आरोप
सार्वजनिक मंदिर व पोखरे की भूमि को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी; महिलाओं ने कहा- गांव समाज की जगह पर जबरन घेराबंदी का प्रयास, पहले भी पुजारी को लेकर हो चुका है विवाद
भदैनी मिरर,वाराणसी। वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर स्थित आल्हा-काल्हा पोखरा और सार्वजनिक पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद स्थानीय श्रद्धालु महिलाएं शिवपुर थाने पहुंचीं। ग्रामीण महिलाओं ने मंदिर और उससे जुड़ी भूमि पर कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई। इस संबंध में दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर करके शिवपुर थाना प्रभारी को शिकायत पत्र दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर व आसपास की जमीन को निजी संपत्ति बताकर लंबे समय से कब्जाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
'गांव समाज की जगह, जबरन घेराबंदी का विरोध'
थाने पहुंची स्थानीय बुजुर्ग महिला श्रद्धालु उर्मिला देवी ने बताया कि यह विवाद करीब साल भर से चल रहा है। उनके अनुसार, यह स्थान गांव समाज और सार्वजनिक आस्था से जुड़ा है और पहले वहां काफी जमीन मौजूद थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा करने और बाउंड्री बनाने की कोशिश की जा रही है, जबकि पहले से मौजूद सार्वजनिक सुविधाओं व बच्चों के खेलने-बैठने की जगह के प्रभावित होने की आशंका है। बातचीत के दौरान उन्होंने कुछ व्यक्तियों के नाम भी लिए और कहा कि पहले भी पुजारी को लेकर विवाद खड़ा किया गया था।
चंदे और निजी निर्माण को लेकर ग्रामीणों में सवाल
स्थानीय श्रद्धालु मीरा सिंह ने कहा कि आल्हा-काल्हा मंदिर व पोखरे से जुड़ी जगह को लेकर कुछ लोग जबरन घेराबंदी करना चाह रहे हैं। उन्होंने बताया कि कभी निजी पैसे से बाउंड्री कराने की बात कही जा रही है, तो कभी किसी अन्य व्यक्ति या प्रभाव का नाम लिया जा रहा है। मीरा सिंह के मुताबिक, प्रशासन के समक्ष 5 लाख रुपये चंदे की बात सामने आई है, लेकिन ग्रामीण जानना चाहते हैं कि चंदा कौन दे रहा है और यदि मंदिर की घेराबंदी होनी भी है, तो वह गांव समाज के चंदे से होनी चाहिए, न कि किसी के व्यक्तिगत हित या कब्जे के लिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले पुजारी को हटाने का विवाद भी इसी घेराबंदी व कब्जे की मंशा का हिस्सा था।
बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही व छांव का मुद्दा
परमानंदपुर से पहुंची आशा देवी ने बताया कि गांव के भीतर आल्हा-काल्हा मंदिर परिसर में कुछ लोग बाउंड्री कराना चाह रहे हैं, जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उनके अनुसार, यदि बाउंड्री बन जाती है तो बच्चों, बड़ों और बुजुर्गों के आने-जाने, खेलने-कूदने तथा गर्मी के दिनों में पेड़-पौधों की छांव में बैठने की सुविधा प्रभावित होगी। उन्होंने बातचीत में विनय पटेल सहित अन्य नामों का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीणों से कोई चंदा नहीं लिया गया है और वे इस निर्माण के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं।