{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत आदित्य नगर पार्क में लगा फलदार पौधों का सघन वन

95 बटालियन CRPF और सृजन संस्था का संयुक्त प्रयास; अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में नगर निगम से गोद लिए पार्क में हुआ पौधरोपण

 

वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत वाराणसी के आदित्य नगर पार्क में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार हेतु विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्क को 'सघन वन' के रूप में विकसित करना है।

गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर और पर्यावरणविद् अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में इस पार्क को नगर निगम से गोद लेकर सुंदरीकरण और पौधरोपण का कार्य संपन्न कराया गया।

फलदार पौधों का हुआ रोपण, दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पार्क में आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि ने उपस्थित जवानों, अधिकारियों और नागरिकों को 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने और उनकी देखरेख करने की शपथ दिलाई।

काशी को हरा-भरा बनाने का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने सृजन संस्था और सीआरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाने चाहिए।

ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद सुरेश पटेल 'गुड्डू', वरिष्ठ भाजपा नेता सौरभ पटेल, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा, बीएचयू से सोम, मनोज कुमार, प्रवीण सिंह तथा नगर निगम के माली बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल संयोजन में सीआरपीएफ के प्रवीण सिंह व उनकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने "स्वच्छ काशी, सुन्दर काशी, हरित काशी" के संकल्प के साथ पौधरोपण अभियान को संपन्न किया।